NGV PRAKASH NEWS

मंच पर चढ़ते समय संतुलन बिगड़ा, पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह गिरे; वीडियो वायरल
गोंडा, 10 जनवरी 2026 —
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में भाजपा के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह मंच पर चढ़ते समय संतुलन बिगड़ने के बाद मुंह के बल गिरते दिखाई दे रहे हैं। घटना गोंडा के नंदनी नगर में आयोजित आठ दिवसीय राष्ट्र कथा महोत्सव के समापन समारोह के दौरान हुई, जब वह मंच की ओर बढ़ रहे थे।
वीडियो में देखा जा सकता है कि जैसे ही बृजभूषण शरण सिंह मंच की सीढ़ियों पर चढ़ने लगे, उनका संतुलन अचानक बिगड़ गया। पास में मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें संभालने का प्रयास किया, लेकिन वह फिसलकर आगे की ओर गिर पड़े। अचानक हुई इस घटना से मंच पर और आसपास मौजूद लोग कुछ पल के लिए हक्का-बक्का रह गए।
हालांकि गिरने के तुरंत बाद बृजभूषण शरण सिंह खुद उठ खड़े हुए और मुस्कुराते नजर आए। उन्हें सुरक्षित देखकर वहां मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली। किसी प्रकार की गंभीर चोट की सूचना सामने नहीं आई है।
बताया जा रहा है कि यह घटना आठ जनवरी की है, जिस दिन उनका 69वां जन्मदिन भी था। इसी दिन राष्ट्र कथा महोत्सव का समापन भी हुआ था, जिसमें संत ऋतेश्वर महाराज को कथा वाचन के लिए आमंत्रित किया गया था। कार्यक्रम के दौरान हुई इस घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
NGV PRAKASH NEWS
