क्या है यक्ष ऐप जिसको लेकर पुलिस इतनी संजीदा है…….

Gyan Prakash Dubey – NGV PRAKASH NEWS


यक्ष ऐप के प्रभावी संचालन के लिए बस्ती पुलिस लाइन में ट्रेनिंग और समीक्षा बैठक

बस्ती, 13 जनवरी 2026 —
उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा विकसित एआई आधारित ‘यक्ष ऐप’ के प्रभावी संचालन, क्रियान्वयन और उपयोग को लेकर मंगलवार को पुलिस लाइन बस्ती के सभागार में एक विशेष ट्रेनिंग प्रोग्राम और समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता पुलिस अधीक्षक अभिनंदन ने की, जबकि अपर पुलिस अधीक्षक श्यामकांत और जिले के सभी क्षेत्राधिकारी इसमें मौजूद रहे।

बैठक में बताया गया कि यक्ष ऐप अपराध नियंत्रण, बीट पुलिसिंग को मजबूत करने और तकनीक आधारित स्मार्ट पुलिसिंग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विकसित किया गया है। हाल ही में इसका शुभारंभ मुख्यमंत्री द्वारा किया गया है। इस ऐप के माध्यम से थानावार अपराधियों का डिजिटल डेटाबेस, फोटो और वॉयस सैंपल, गैंग लिंक एनालिसिस, मूवमेंट अलर्ट, एआई आधारित संदिग्ध पहचान, वॉयस सर्च और रियल टाइम निगरानी जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं, जिससे अपराध की रोकथाम, जांच और त्वरित कार्रवाई में पुलिस को मदद मिल रही है।

पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों और कर्मचारियों को ऐप के नियमित और अनिवार्य उपयोग के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बीट प्रभारी और सिपाही अपने क्षेत्र के अपराधियों का भौतिक सत्यापन और डेटा का समय पर अद्यतन सुनिश्चित करें। रियल टाइम डेटा एंट्री और अलर्ट सिस्टम का अधिकतम उपयोग कर अपराधियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जाए और गैंग एनालिसिस तथा एआई टूल्स का इस्तेमाल कर अपराध की रोकथाम में सक्रिय भूमिका निभाई जाए।

ट्रेनिंग सत्र के दौरान ऐप के व्यावहारिक उपयोग, डेटा एंट्री की प्रक्रिया, अलर्ट प्रबंधन, रिपोर्ट तैयार करने और तकनीकी समस्याओं के समाधान को लेकर हैंड्स-ऑन प्रशिक्षण दिया गया। वरिष्ठ अधिकारियों ने थाना प्रभारियों, बीट इंचार्जों और संबंधित कर्मचारियों को ऐप से मिलने वाले लाभों की जानकारी दी और उनके सवालों का समाधान किया।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *