NGV PRAKASH NEWS


अपमानजनक मैसेज से आहत युवक ने ससुराल के बाहर खाया जहर, मौत के बाद पत्नी पर केस दर्ज
कानपुर, 17 जनवरी 2026 —
कानपुर के चकेरी इलाके में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां पत्नी द्वारा लगातार भेजे जा रहे अपमानजनक संदेशों से आहत युवक ने ससुराल के बाहर जहर खाकर आत्महत्या कर ली. घटना के बाद परिजनों ने जमकर हंगामा किया, जिसके बाद पुलिस ने पत्नी के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार चकेरी निवासी विक्रम का रिया के साथ आठ साल तक प्रेम संबंध रहा था. दोनों ने मंदिर में विवाह किया था, लेकिन शादी के कुछ समय बाद ही रिश्तों में खटास आ गई. पिछले चार महीनों से विवाद के चलते रिया अपने मायके में रह रही थी. विक्रम लगातार उसे घर वापस लाने की कोशिश कर रहा था, लेकिन इस दौरान दोनों के बीच विवाद और गहरा होता चला गया.
परिजनों के अनुसार, रिया ने विक्रम को व्हाट्सएप पर बेहद आपत्तिजनक और अपमानजनक मैसेज भेजे थे. मोबाइल चैट में रिया ने लिखा था, “तुझ जैसा नामर्द और धोखेबाज नहीं चाहिए. नफरत हो गई है तुझसे, तेरे नाम से और तेरी हरकतों से.” इन शब्दों से विक्रम गहरे मानसिक तनाव में आ गया था. गुरुवार को वह पत्नी को मनाने ससुराल पहुंचा, लेकिन वहां कोई समाधान न निकलने पर उसने घर के बाहर ही जहर खा लिया. हालत बिगड़ने पर उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.
मृतक के पिता जय कुमार और बहनोई हिमांशु का आरोप है कि रिया लगातार विक्रम को मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रही थी. उनका यह भी कहना है कि रिया घर के जेवर और नकदी लेकर मायके चली गई थी. विक्रम के परिजनों ने बताया कि वह पहले भी तनाव में आकर आत्महत्या का प्रयास कर चुका था, लेकिन तब उसे बचा लिया गया था.
विक्रम की मौत के बाद गुस्साए परिजनों ने उसका शव रिया के घर के बाहर रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया. परिवार वाले पत्नी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे थे. मौके पर पहुंची चकेरी पुलिस और परिजनों के बीच काफी देर तक नोकझोंक भी हुई.
एसीपी अभिषेक पांडे ने बताया कि मृतक के पिता की तहरीर पर पत्नी रिया के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. व्हाट्सएप चैट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की गहन जांच की जा रही है. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है.
विक्रम ऑटो चलाकर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था, जबकि उसके पिता होमगार्ड में कार्यरत हैं. परिजनों के मुताबिक, रिया ने विक्रम को अपनी बहन की शादी में भी शामिल नहीं होने दिया था और उसके परिवार के कई सदस्यों के नंबर भी ब्लॉक कर दिए थे. प्यार से शुरू हुआ यह रिश्ता आपसी तकरार और मानसिक तनाव के चलते आखिरकार एक खौफनाक अंत तक पहुंच गया.
NGV PRAKASH NEWS
