NGV PRAKASH NEWS

भाभी और दोस्त की चाकू से हत्या कर खून सना चाकू लेकर थाने पहुंचा देवर
फतेहपुर, 17 जनवरी 2026 —
जिले के हसवा कस्बे में अवैध संबंधों के शक में एक युवक ने खौफनाक दोहरे हत्याकांड को अंजाम दे दिया। देवर ने अपनी भाभी और दोस्त की चाकू से गोदकर हत्या कर दी और वारदात के बाद खून से सना चाकू लेकर खुद पुलिस चौकी पहुंच गया। घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार हसवा कस्बे के चौधराना मोहल्ला निवासी दिलदार को शक था कि उसकी भाभी जिकरा परवीन और उसके दोस्त फैजान के बीच अवैध संबंध हैं। इसी बात को लेकर वह लंबे समय से नाराज चल रहा था। शुक्रवार को दिलदार ने पहले अपने दोस्त फैजान को बहाने से घर से बुलाया और जंगल की ओर ले गया। वहां मौका पाकर उसने चाकू से फैजान का गला रेत दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
इसके बाद दिलदार खून से सना चाकू लेकर घर पहुंचा और 30 वर्षीय भाभी जिकरा परवीन पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। चीख-पुकार सुनकर 22 वर्षीय बहन मन्नो बीच-बचाव करने आई तो दिलदार ने उस पर भी चाकू से हमला कर दिया। हमले में मन्नो गंभीर रूप से घायल हो गई।
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी सीधे हसवा पुलिस चौकी पहुंचा और घटना की जानकारी देते हुए अपना अपराध कबूल कर लिया। इधर पड़ोसियों ने घर के भीतर जाकर देखा तो भाभी और ननद खून से लथपथ पड़ी थीं। दोनों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने जिकरा परवीन को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल मन्नो को प्राथमिक उपचार के बाद कानपुर रेफर कर दिया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
पुलिस अधीक्षक अनूप सिंह के अनुसार आरोपी दिलदार ने पूछताछ में बताया कि वह भाभी और दोस्त के रिश्ते से परेशान था और कई बार दोनों को समझाने की कोशिश भी की थी। बात न मानने पर उसने गुस्से में आकर हत्या कर दी। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है।
स्थानीय लोगों से प्राप्त जानकारी के अनुसार जिकरा का पति आमिर मध्य प्रदेश में रहकर जानवरों की खरीद-फरोख्त का काम करता है और उसकी गैरमौजूदगी में फैजान का घर आना-जाना था। फिलहाल पुलिस आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
NGV PRAKASH NEWS
👉 फोटो बाएं से दाएं… दोस्त,भाभी और देवर
