विद्यार्थियों की सुरक्षा को लेकर स्कूल बसों का सघन निरीक्षण……..

Gyan Prakash Dubey-NGV PRAKASH NEWS

विद्यार्थियों की सुरक्षा को लेकर स्कूल बसों का सघन निरीक्षण, जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

बस्ती, 17 जनवरी 2026 —
जिले में विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कर्मा देवी शिक्षण संस्थान में स्कूल बसों का व्यापक निरीक्षण अभियान चलाया गया। यह निरीक्षण उप परिवहन आयुक्त (परिक्षेत्र), अयोध्या राज कुमार सिंह के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ, जिसमें परिवहन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया।

निरीक्षण के दौरान स्कूल बसों के सभी आवश्यक वैध दस्तावेज, फिटनेस प्रमाणपत्र, बीमा, आपातकालीन सुविधाएं, अग्निशमन यंत्र, प्राथमिक उपचार किट, सीट बेल्ट, गति नियंत्रक, सीसीटीवी कैमरे तथा चालकों की योग्यता और लाइसेंस की गहन जांच की गई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

परिवहन विभाग की टीम ने संस्थान प्रबंधन को निर्देश दिया कि सभी स्कूल वाहन निर्धारित मानकों के अनुसार ही संचालित किए जाएं तथा समय-समय पर उनका तकनीकी परीक्षण अनिवार्य रूप से कराया जाए। इस दौरान संभागीय परिवहन अधिकारी फ़रीदउद्दीन, संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) सुरेश मौर्य, यात्रीकर अधिकारी प्रदीप श्रीवास्तव, कॉलेज ऑफ फार्मेसी के प्राचार्य डॉ. नीलेश गुप्ता, डीन एकेडमिक आदित्य विक्रम सिंह और डायरेक्टर वीर प्रताप सिंह सहित ओमनी रेडियो के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।

निरीक्षण के बाद संस्थान के प्रेक्षागृह में सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अधिकारियों ने छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों के पालन, सुरक्षित वाहन संचालन, हेलमेट एवं सीट बेल्ट के अनिवार्य प्रयोग तथा तेज गति से वाहन चलाने के दुष्परिणामों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। वक्ताओं ने विद्यार्थियों से अपील की कि वे स्वयं नियमों का पालन करें और अपने परिवार तथा समाज को भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करें।

इसी क्रम में कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जिला विद्यालयीय परिवहन सुरक्षा समिति की बैठक भी आयोजित की गई। बैठक में जनपद के अधिकांश विद्यालयों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। जिलाधिकारी ने सभी विद्यालयों को निर्देशित किया कि स्कूल वाहनों की फिटनेस, बीमा एवं अन्य जरूरी दस्तावेज अद्यतन रखें तथा अभिभावकों और छात्रों को लगातार सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जाए। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा एक सामूहिक जिम्मेदारी है, जिसमें प्रशासन, विद्यालय प्रबंधन और अभिभावकों की सक्रिय सहभागिता आवश्यक है।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *