Gyan Prakash Dubey -NGV PRAKASH NEWS

तांत्रिक हत्याकांड का वांछित आरोपी अवैध तमंचे के साथ गिरफ्तार
बस्ती, 18 जनवरी 2026 —
जिले के दुबौलिया थाना क्षेत्र में हुए चर्चित तांत्रिक हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना दुबौलिया, थाना कलवारी, एसओजी टीम और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में हत्या के वांछित अभियुक्त अरुण कुमार को अवैध तमंचे और मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त अरुण कुमार पुत्र राम बुझारत, निवासी भट्ट पुरवा थाना दुबौलिया, को ग्राम पायकपुर क्षेत्र के रामजानकी मार्ग से पकड़ा गया। उसके पास से 12 बोर का एक अवैध तमंचा, टीवीएस राइडर मोटरसाइकिल और 1020 रुपये नकद बरामद किए गए हैं।
यहां बताते चलें कि 26 दिसंबर 2025 को ग्राम बेमहरी टोला खून्नी थाना दुबौलिया में 58 वर्षीय तांत्रिक रामजीत उर्फ घरभरन की अज्ञात बदमाशों द्वारा गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस घटना के संबंध में थाना दुबौलिया में मुकदमा अपराध संख्या 233/2025 धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था।
जांच के दौरान पुलिस ने खुलासा किया कि अभियुक्त लवकुश उर्फ लालचंद ने एक लाख रुपये की सुपारी देकर इस हत्या को अंजाम दिलवाया था। हत्या की साजिश में सजरे आलम, विवेक उर्फ प्रदुमन चौधरी और अरुण कुमार शामिल थे। इस मामले में पुलिस पहले ही तीन अभियुक्तों लवकुश उर्फ लालचंद, सजरे आलम और विवेक उर्फ प्रदुमन को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। अरुण कुमार इस कांड का आखिरी वांछित आरोपी था, जिसे अब गिरफ्तार कर लिया गया है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष दुबौलिया सुनील कुमार गौड़, थानाध्यक्ष कलवारी गजेन्द्र प्रताप सिंह, एसओजी प्रभारी निरीक्षक विकास यादव, उपनिरीक्षक रतीश चंचल, उपनिरीक्षक सच्चिदानंद दूबे, उपनिरीक्षक अजय कुमार यादव सहित सर्विलांस और एसओजी टीम के कई पुलिसकर्मी शामिल रहे।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार अभियुक्त से पूछताछ की जा रही है और मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। इस गिरफ्तारी के साथ ही तांत्रिक हत्याकांड का पूरा प्रकरण लगभग सुलझ गया है।
NGV PRAKASH NEWS
