NGV PRAKASH NEWS

झांसी में रिटायर्ड रेलकर्मी पर लिव-इन पार्टनर की हत्या कर शव जलाने का सनसनीखेज आरोप
झांसी, 18 जनवरी 2026 —
झांसी जिले से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जिसमें प्यार के नाम पर खौफनाक कहानी उजागर हुई है। यहां एक रिटायर्ड रेलकर्मी पर अपनी लिव-इन पार्टनर की हत्या कर शव को जलाने और सबूत मिटाने का गंभीर आरोप लगा है। बताया जा रहा है कि हत्या के बाद आरोपी ने शव को नीले रंग के बक्से में बंद कर जला दिया और उसकी राख नदी में बहा दी। इस पूरे कृत्य में आरोपी के बेटे द्वारा भी सहयोग किए जाने की बात सामने आई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मामले का खुलासा तब हुआ, जब एक लोडर चालक जयपाल को बक्से को लेकर संदेह हुआ। उसने पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी कि वह जिस बक्से को पहुंचाने आया है, उसमें कुछ संदिग्ध सामग्री हो सकती है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शहर कोतवाली क्षेत्र स्थित गीता नामक महिला के घर से बक्सा बरामद किया। बक्सा खोले जाने पर अंदर से हड्डियों के अवशेष और जले हुए कोयले जैसी सामग्री मिली, जिसे देखकर पुलिस भी चौंक गई।
तत्काल फोरेंसिक टीम को बुलाया गया, जिसने मौके से नमूने एकत्र किए। शुरुआती जांच में मिले अवशेष मानव शरीर के होने की आशंका जताई गई है। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि राम सिंह रेलवे विभाग से सेवानिवृत्त कर्मचारी है। उसकी दूसरी पत्नी गीता है, जबकि पहली पत्नी सीपरी बाजार थाना क्षेत्र में रहती है। इसके अलावा राम सिंह तीसरी महिला प्रीति के साथ लिव-इन रिलेशन में रह रहा था।
जांच के दौरान यह भी पता चला कि प्रीति लगातार राम सिंह से पैसों की मांग कर रही थी और अब तक उससे लाखों रुपये ले चुकी थी। इसी बात से परेशान होकर राम सिंह ने उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को बक्से में रखकर जलाया गया और राख को नदी में बहा दिया गया ताकि किसी प्रकार का सबूत शेष न रहे।
इस मामले को लेकर एसपी प्रीति सिंह ने बताया कि लोडर चालक की सतर्कता के कारण इस गंभीर अपराध का खुलासा हो सका। जिस घर से बक्सा बरामद हुआ, वहां गीता मौजूद मिली। पूछताछ में उसने बताया कि उसके पति राम सिंह ने ही उसे बताया था कि तीसरी महिला की हत्या कर दी गई है।
फिलहाल इस मामले में आरोपी के बेटे नितिन समेत दो लोगों को हिरासत में लिया गया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। मुख्य आरोपी राम सिंह अभी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने तीन टीमें गठित कर दी हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही उसे गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
NGV PRAKASH NEWS
