एक परिवार के चार लोगों की नृशन्स हत्या से दहला इलाका…….

NGV PRAKASH NEWS

एटा में दिनदहाड़े एक ही परिवार के चार लोगों की नृशंस हत्या, मासूम ने देखा खौफनाक मंजर

एटा, 19 जनवरी 2026.

एटा जिले के कोतवाली नगर क्षेत्र के मोहल्ला नगला प्रेमी में सोमवार को दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। प्राप्त जानकारी के अनुसार अज्ञात हमलावरों ने दिनदहाड़े घर में घुसकर एक ही परिवार के चार लोगों की बेरहमी से हत्या कर दी। मृतकों में पति-पत्नी, उनकी पुत्रवधू और नातिन शामिल हैं।

बताया जा रहा है कि इस जघन्य हत्याकांड का भयावह दृश्य सबसे पहले परिवार के 12 वर्षीय बालक देवांश ने देखा, जो स्कूल से लौटकर घर आया था।

कक्षा पांच में पढ़ने वाला देवांश सुनहरी नगर स्थित कलावती सरस्वती शिशु मंदिर स्कूल में पढ़ता है। सोमवार दोपहर करीब 2 बजे स्कूल की छुट्टी के बाद वह रोज की तरह घर लौटा। जैसे ही उसने घर का दरवाजा खोला और अंदर कदम रखा, वैसे ही वह दहल गया और दहशत की मारे कांपने लगा। उसने देखा कि उसके दादा गंगा सिंह नीचे कमरे में पड़े हुए थे। उसने दादी, मां और बहन को आवाज लगाई, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला।

मिली जानकारी के अनुसार देवांश ने बताया कि ऊपर के कमरे से पंखे के चलने की आवाज आ रही थी | जो सर्द मौसम में पंखा चलना उसे कुछ असामान्य लगा। वह जैसे ही ऊपर गया, वहां का दृश्य देखकर उसकी चीख निकल गई। कमरे में उसकी मां रत्ना, दादी श्यामा देवी और बहन ज्योति खून से लथपथ पड़ी थीं। पूरे कमरे में खून फैला हुआ था और सभी के सिर पर गंभीर चोटों के निशान थे। यह नजारा देखकर बच्चा बदहवास होकर बाहर भागा और पड़ोसी जसवीर सिंह के घर पहुंचकर पूरी घटना बताई।

पड़ोसी जसवीर सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही उन्होंने कई बार परिवार के सदस्यों को फोन मिलाया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद वह तुरंत मौके पर पहुंचे, जहां पुलिस और भारी भीड़ जमा थी। पूरे इलाके में सन्नाटा और दहशत का माहौल था।

मृतकों की पहचान 75 वर्षीय गंगा सिंह, उनकी पत्नी 70 वर्षीय श्यामा देवी, पुत्रवधू 42 वर्षीय रत्ना और 20 वर्षीय नातिन ज्योति के रूप में हुई है। सभी की हत्या बेहद क्रूर तरीके से की गई थी। पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि सभी को ईंट या किसी भारी वस्तु से सिर पर वार कर मौत के घाट उतारा गया।

परिवार की सुरक्षा को लेकर भी बड़ी लापरवाही सामने आई है। देवांश ने बताया कि घर का छोटा गेट अक्सर खुला रहता था, ताकि बच्चों का आना-जाना आसान रहे। इसी कारण घर में कोई भी आसानी से प्रवेश कर सकता था, जिसका फायदा हमलावरों ने उठाया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। अपर पुलिस अधीक्षक श्वेता पांडे ने बताया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड को बुलाया गया । आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और हर पहलू से जांच की जा रही है।

दिनदहाड़े हुई इस सामूहिक हत्या से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। स्थानीय लोग दहशत में हैं और पुलिस से जल्द से जल्द अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही हत्याकांड का खुलासा कर दोषियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *