शादी के पहले शिक्षिका नें लगा ली फांसी…….

NGV PRAKASH NEWS

शादी से पहले शिक्षिका ने कमरे में लगाई फांसी, परिवार में मचा कोहराम

शाहजहांपुर 14 फरवरी 2026.

थाना सदर बाजार क्षेत्र के चिनौर गांव में एक 25 वर्षीय शिक्षिका द्वारा अपने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई, जबकि परिवार में शादी की तैयारियों के बीच अचानक हुई इस घटना से खुशियां मातम में बदल गईं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतका की पहचान चिनौर निवासी संभवी शुक्ला, पुत्री उमेश शुक्ला के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार संभवी की शादी कुछ समय बाद होने वाली थी और घर में इसकी तैयारियां चल रही थीं। गुरुवार रात वह अपने कमरे में सोने चली गई थीं। शुक्रवार सुबह जब उनकी मां सरोजनी बेटी को जगाने के लिए कमरे में पहुंचीं तो अंदर का दृश्य देखकर उनके होश उड़ गए। संभवी का शव कमरे में फांसी के फंदे से लटका मिला। मां के शोर मचाने पर परिवार के अन्य सदस्य और आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मृतका का मोबाइल फोन भी कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी । पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।

पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मोबाइल की फोरेंसिक जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *