NGV PRAKASH NEWS

होटल के बंद कमरे में भाई-बहन का शव मिलने से सनसनी, ‘सॉरी, फॉरगिव अस’ लिखकर खाया विषाक्त पदार्थ
वाराणसी- फरवरी 2026.
वाराणसी के सिगरा थाना क्षेत्र स्थित परेड कोठी इलाके में एक होटल के बंद कमरे से सगे भाई-बहन के शव मिलने से सनसनी फैल गई। दोनों हैदराबाद से वाराणसी आए थे और कैंट रेलवे स्टेशन के सामने स्थित होटल सिटी इन में पिछले तीन दिनों से ठहरे हुए थे। जाँच में प्रथम दृष्टया मामला विषाक्त पदार्थ खाकर आत्महत्या का बताया जा रहा है। पुलिस ने मौके से एक छोटा सुसाइड नोट, दवाइयां और भारी मात्रा में नकदी भी बरामद की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना का खुलासा उस समय हुआ जब होटल के कमरा नंबर 2005 में ठहरे दोनों व्यक्तियों ने लंबे समय तक रिसेप्शन का फोन नहीं उठाया। होटल से उसी दिन चेक-आउट होना था, लेकिन बार-बार कॉल करने के बावजूद कोई जवाब नहीं मिला। संदेह होने पर होटल कर्मचारियों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और वीडियोग्राफी के बीच मास्टर चाबी से दरवाजा खोला गया। कमरे के अंदर भाई और बहन के शव बिस्तर के पास पड़े मिले, जिनके मुंह से झाग निकल रहा था। इससे आशंका जताई गई कि दोनों ने विषाक्त पदार्थ का सेवन किया है।
📍जांच के दौरान पुलिस को कमरे की टेबल पर कई दवाइयां और उनके रैपर बिखरे मिले। इसके अलावा पैन कार्ड, आधार कार्ड, पासपोर्ट, लैपटॉप और 6 लाख 61 हजार रुपये नकद भी बरामद हुए। वहीं एक छोटे कागज पर ‘सॉरी, फॉरगिव अस’ लिखा हुआ मिला, जिससे यह मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है।
➡️आईडी प्रूफ के आधार पर मृतकों की पहचान हैदराबाद के सिकंदराबाद स्थित सीताफल मंडी निवासी गणेश गौड़ गुनलापल्ली (46 वर्ष) और उनकी बहन धनलक्ष्मी गुनलापल्ली (38 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस की जांच में सामने आया कि दोनों वर्ष 2018 में अपने पुराने पते से स्थानांतरित हो चुके थे, जिससे उनके परिजनों तक पहुंचने में कठिनाई हो रही है। पुलिस अब उनके परिजनों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।
पुलिस को जांच के दौरान एक और महत्वपूर्ण तथ्य सामने आया है। पुलिस को मृतकों के सामान से एक अस्थि कलश और डेथ सर्टिफिकेट भी मिला है। इससे आशंका जताई जा रही है कि दोनों अपनी बड़ी बहन का अस्थि विसर्जन करने वाराणसी आए थे। पुलिस को कॉल डिटेल के आधार पर जानकारी मिली कि पिछले वर्ष उनके माता-पिता की भी मृत्यु हो चुकी थी, जबकि 28 जनवरी को उनकी बड़ी बहन का निधन हुआ था। बताया जा रहा है कि बड़ी बहन की तेरहवीं के दिन ही दोनों ने आत्महत्या जैसा कदम उठाया।
⏩डीसीपी काशी गौरव बंसवाल के अनुसार मौके से विस्तृत सुसाइड नोट नहीं मिला है, लेकिन प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का ही प्रतीत हो रहा है। कमरे से बरामद नकदी और अन्य सामान के आधार पर भी पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों की पुष्टि हो सकेगी। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों से संपर्क करने का प्रयास जारी है।
पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है ताकि आत्महत्या के पीछे की पूरी सच्चाई सामने आ सके।
NGV PRAKASH NEWS
