हाइवे पर डबल डेकर बस का फटा टायर, ट्रेलर से टकराकर गिरी खाई में…….

NGV PRAKASH NEWS

हाइवे पर डबल डेकर बस का टायर फटने से हादसा, टेलर से टकराकर खाई में गिरी, आधा दर्जन यात्री घायल

बस्ती, 16 फरवरी 2026.

हाईवे पर रविवार देर रात एक बड़ा हादसा उस समय टल गया जब गोरखपुर से दिल्ली जा रही डबल डेकर इंटरसिटी स्मार्ट बस का अगला बायां टायर अचानक ब्रस्ट हो गया। टायर फटने से बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित एक ढाबे के पास खड़े टेलर से टकरा गई और खाई में जा गिरी ।

संयोग अच्छा था कि बस खाई में गिरते समय पास में लगे ट्रांसफार्मर से टकराने से बाल-बाल बच गई, जिससे एक बड़ी दुर्घटना टल गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार यह हादसा छावनी थाना क्षेत्र के रमहटिया गांव के पास रविवार रात करीब 10 बजे हुआ। बस में कुल 54 यात्री सवार थे। दुर्घटना के बाद बस में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।

हादसे में कपिल निवासी बुलंदशहर, सारभक राव निवासी खोराबार गोरखपुर, शिव भक्त चौहान निवासी हाटा कुशीनगर, मुकेश गुप्ता निवासी खोराबार गोरखपुर, अंकिता दूबे निवासी झगहा गोरखपुर, निवेदिता यादव निवासी गगहा गोरखपुर, शिवांगी पांडेय निवासी बेलीपार गोरखपुर, मशरूर आलम निवासी कुबेरस्थान कुशीनगर तथा मिंटू निवासी कुबेरस्थान कुशीनगर घायल हो गए। सभी घायलों को हल्की चोटें आईं, जबकि अन्य यात्री सुरक्षित बच गए।

घटना की सूचना मिलते ही छावनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। पुलिस ने घायलों को 108 एम्बुलेंस की सहायता से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र विक्रमजोत भेजा, जहां उनका उपचार कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद घायलों की स्थिति खतरे से बाहर बताई गई है। वहीं अन्य यात्रियों को वैकल्पिक वाहन की व्यवस्था कर उनके गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया।

चौकी इंचार्ज विक्रमजोत ने बताया कि दुर्घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। सभी घायलों को मामूली चोटें आई हैं और उनका उपचार कराया गया है। घटना की सूचना उनके परिजनों को भी दे दी गई है।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *