NGV PRAKASH NEWS

एक ही दिन में चार मासूम बच्चे संदिग्ध परिस्थितियों में लापता, गांव में दहशत
गोंडा, 17 फरवरी 2026.
गोंडा जिले के ढडुवा कुतुबजोत गांव, जो गिन्नी नगर के निकट गौरा चौकी क्षेत्र से एक ही दिन में 5 से 9 वर्ष की आयु के चार मासूम बच्चों के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने का मामला सामने आया है। इस घटना के बाद पूरे गांव में भय और दहशत का माहौल व्याप्त है, जबकि परिजन गहरे सदमे और चिंता में हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार चारों बच्चे सोमवार की शाम लगभग 4 से 5 बजे के बीच अपने घरों के बाहर खेल रहे थे। इसी दौरान वे अचानक लापता हो गए। जब काफी देर तक बच्चे नहीं मिले तो परिजनों सहित पूरे गांव में हड़कंप मच गया | परिजनों का आशंका है कि किसी अज्ञात व्यक्ति या लोगों ने बच्चों को बहला-फुसलाकर या जबरन अपने साथ ले जाया गया है। जब काफी देर तक बच्चे घर नहीं लौटे तो परिजनों ने आसपास के इलाकों में उनकी तलाश शुरू की, लेकिन देर रात तक बच्चों का कोई पता नहीं चल सका।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस चौकी गौरा की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में खोजबीन कर रही है और संभावित मार्गों तथा स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि बच्चों का कोई सुराग मिल सके।
इस घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है और अभिभावक अपने बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंतित नजर आ रहे हैं। पुलिस व परिजनों ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी को बच्चों के संबंध में कोई भी जानकारी मिले या वे कहीं दिखाई दें, तो तत्काल नजदीकी पुलिस थाना या चौकी को सूचित करें, जिससे बच्चों को सकुशल बरामदगी हो सके।
NGV PRAKASH NEWS
