सीट दिलाने के बहाने लड़की को केबिन में ले जा टीटी ने किया बलात्कार…….

NGV PRAKASH NEWS

गोरखपुर-अहमदाबाद एक्सप्रेस में NCC कैडेट से दुष्कर्म, फरार टीटीई पर 10 हजार का इनाम घोषित

गोरखपुर, 18 फरवरी 2026.

गोरखपुर-अहमदाबाद एक्सप्रेस ट्रेन में एक एनसीसी कैडेट युवती के साथ दुष्कर्म के मामले में फरार चल रहे टीटीई राहुल कुमार पर रेलवे पुलिस ने 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। आरोपी टीटीई पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी डिवीजन में तैनात था और घटना के बाद से लगातार फरार है। एसपी रेलवे लक्ष्मी निवास मिश्र ने बताया कि आरोपी को सेवा से बर्खास्त करने के लिए विभाग को पत्र भेजा जा चुका है और उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना रविवार की बताई जा रही है, जब पीड़ित युवती अहमदाबाद-गोरखपुर एक्सप्रेस से मऊ से गोरखपुर लौट रही थी। युवती एनसीसी ‘सी’ सर्टिफिकेट परीक्षा देने मऊ गई थी और गोरखपुर में किराए के कमरे में रहकर भर्ती की तैयारी कर रही है। स्टेशन पर अत्यधिक भीड़ और जल्दबाजी के कारण वह टिकट नहीं ले सकी और एसी कोच में खड़ी थी। इसी दौरान टीटीई राहुल कुमार ने टिकट बनाने और सीट दिलाने का झांसा देकर युवती को अपने केबिन में बुलाया।

आरोप है कि केबिन में ले जाने के बाद टीटीई ने अंदर से दरवाजा बंद कर लिया और पहले सामान्य बातचीत की, लेकिन कुछ ही देर में उसका व्यवहार बदल गया। उसने युवती के साथ अश्लील हरकतें शुरू कर दीं और विरोध करने पर बिना टिकट यात्रा के आरोप में कार्रवाई की धमकी दी। इसके बाद आरोपी ने युवती के साथ दुष्कर्म किया। घटना इंदारा और देवरिया स्टेशन के बीच हुई बताई जा रही है।

घटना के तुरंत बाद पीड़िता ने डायल 112 पर फोन कर पुलिस को सूचना दी। मामले की भनक लगते ही आरोपी टीटीई देवरिया स्टेशन पर ट्रेन से उतरकर फरार हो गया। जीआरपी पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है।

रेलवे पुलिस के अनुसार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई है और उसकी सूचना देने वाले को 10 हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की गई है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *