Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS

सरयू नदी पुल से मृत उपनिरीक्षक की बाइक चोरी करने वाला शातिर चोर गिरफ्तार, तीन अन्य मोटरसाइकिल भी बरामद
बस्ती, 19 फरवरी 2026.
थाना छावनी पुलिस, एसओजी और स्वाट,सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में सरयू नदी पुल से मृत उपनिरीक्षक अजय गौड़ की मोटरसाइकिल चोरी करने वाले शातिर चोर को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे और निशानदेही पर चोरी की तीन अन्य मोटरसाइकिल भी बरामद की हैं। आरोपी के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस के अनुसार 1 नवंबर 2025 को रामजानकी तिराहा के पास से एक स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल चोरी होने के संबंध में थाना छावनी में मुकदमा दर्ज किया गया था। इसी मामले में वांछित आरोपी की तलाश में पुलिस टीम रामजानकी तिराहा क्षेत्र में गश्त कर रही थी। मुखबिर की सूचना पर थाना छावनी पुलिस, एसओजी और स्वाट,सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए अमोढ़ा क्षेत्र में रहमतुल्ला के बंद मुर्गी फार्म के पास से विशाल सोनी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने उसके पास से चोरी की मोटरसाइकिल बरामद करते हुए मुकदमे में भारतीय न्याय संहिता की धारा 317(2) और 317(4) की बढ़ोत्तरी कर दी।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान विशाल सोनी पुत्र प्रदीप सोनी निवासी ग्राम पाकड़डाड, थाना लालगंज, जनपद बस्ती के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान आरोपी ने परसरामपुर में तैनात मृत उपनिरीक्षक अजय कुमार गौड़ की पल्सर मोटरसाइकिल को सरयू नदी पुल से चोरी करने की बात स्वीकार की। उसने बताया कि पुल पर खड़ी मोटरसाइकिल में चाबी लगी हुई थी, जिसका फायदा उठाकर वह मोटरसाइकिल लेकर फरार हो गया। बाद में अमहट घाट के पास मोटरसाइकिल खड़ी कर उसने उसकी डिग्गी से दो मोबाइल फोन निकाल लिए और बाद में उन्हें बेच दिया।
आरोपी की निशानदेही पर लालगंज थाना क्षेत्र के गौरीगांव के पास कैथोरा गांव स्थित सफेदा की बगिया से दो अन्य चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की गईं। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से स्प्लेंडर प्लस (UP51BH2048), एचएफ डिलक्स (UP58AC2663), स्प्लेंडर (UP55AL9913) और पल्सर (UP52BJ7936) मोटरसाइकिल सहित 1010 रुपये नकद बरामद किए हैं।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी विशाल सोनी एक शातिर वाहन चोर है और उसके खिलाफ बस्ती जिले के विभिन्न थानों में चोरी, धोखाधड़ी, गैंगस्टर एक्ट समेत कई गंभीर धाराओं में पहले से 11 मुकदमे दर्ज हैं। आरोपी चोरी की मोटरसाइकिलों को छिपाकर बाद में बेचने की फिराक में था, लेकिन पुलिस ने उसे समय रहते गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है और उसके अन्य आपराधिक नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।
NGV PRAKASH NEWS
