NGV PRAKASH NEWS

छत्तीसगढ़ के धमतरी में चौंकाने वाली घटना, 35 स्कूली बच्चों ने काटी अपनी कलाई, जांच शुरू
➡️ छत्तीसगढ़ से मेघा तिवारी की रिपोर्ट
धमतरी (छत्तीसगढ़), 19 फरवरी 2026.
छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के कुरुद ब्लॉक अंतर्गत ग्राम दहदहा स्थित एक शासकीय माध्यमिक स्कूल में करीब 35 विद्यार्थियों द्वारा अपनी कलाई काटने का मामला सामने आने से प्रशासन और शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है। यह घटना लगभग 20 दिन पुरानी बताई जा रही है, जिसका खुलासा तब हुआ जब बच्चों के अभिभावकों को इसकी जानकारी मिली और उन्होंने पंचायत में इस मुद्दे को उठाया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कक्षा 6 से 8 तक के छात्र-छात्राओं ने अलग-अलग समय पर अपनी कलाई काट ली थी। पंचायत में मामला उठने के बाद प्रशासन की टीम स्कूल पहुंची और बच्चों से बातचीत कर घटना की जानकारी जुटाई। प्रारंभिक स्तर पर पंचायत प्रतिनिधियों और स्कूल प्रबंधन का मानना है कि बच्चों ने एक-दूसरे को देखकर इस तरह का कदम उठाया, हालांकि वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है।
वहीं मामले की गंभीरता को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने भी नाराजगी जताई है। परिषद के पदाधिकारियों ने जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) कार्यालय पहुंचकर सहायक संचालक आर. एन. मिश्रा को ज्ञापन सौंपा और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच के लिए विशेष समिति गठित करने की मांग की। साथ ही परिषद ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो संगठन आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा।
मामले में एबीवीपी के जिला संयोजक हितेश घृतलहरे ने बताया कि यह घटना केवल बच्चों द्वारा कलाई काटने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह विद्यालय में विद्यार्थियों की सुरक्षा और मानसिक स्थिति पर गंभीर सवाल खड़े करती है। उन्होंने कहा कि इस मामले की गहन जांच कर जिम्मेदार व्यक्तियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए।
प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है और अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। इस घटना ने शिक्षा व्यवस्था, विद्यार्थियों की सुरक्षा और मानसिक स्वास्थ्य को लेकर कई महत्वपूर्ण सवाल खड़े कर दिए हैं।
NGV PRAKASH NEWS
