NGV PRAKASH NEWS


प्रसव पीड़ा से तड़पती गर्भवती महिला ने ब्लेड से पेट चीर लिया, गंभीर हालत में लखनऊ रेफर
बहराइच, 20 फरवरी 2026.
बहराइच जिले के बौंडी थाना क्षेत्र के नंदवल गांव में एक बेहद दर्दनाक और हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है, जहां प्रसव पीड़ा से तड़प रही 32 वर्षीय गर्भवती महिला ननकई ने असहनीय दर्द के चलते ब्लेड से खुद ही अपना पेट चीर लिया। गंभीर हालत के बावजूद महिला ने बाद में एक बच्ची को जन्म दिया। फिलहाल उसकी हालत नाजुक बनी हुई है और उसे बेहतर इलाज के लिए लखनऊ के केजीएमसी ट्रामा सेंटर रेफर किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक ननकऊ के पत्नी ननकई के पहले ही पांच बच्चे हैं और वह पांच बच्चों के साथ अकेले रह रही थी। घटना के समय घर में कोई अन्य सदस्य मौजूद नहीं था। गुरुवार को अचानक उसे तेज प्रसव पीड़ा शुरू हुई, लेकिन मदद के लिए कोई आसपास नहीं था। दर्द असहनीय होने पर उसने घर में रखे धारदार ब्लेड से खुद ही अपना पेट चीर लिया, जिससे उसकी अंतड़ियां बाहर निकल आईं। उसकी चीख-पुकार सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे और तुरंत उसे अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल में भर्ती महिला ने बताया कि दर्द इतना ज्यादा था कि वह उसे सहन नहीं कर सकी और मजबूरी में यह खतरनाक कदम उठाया। गंभीर स्थिति के बावजूद उसने एक बच्ची को जन्म दिया, जो फिलहाल सुरक्षित बताई जा रही है।
➡️महिला की मां मुन्नी देवी ने बताया कि प्रसव के दौरान वहां कोई महिला या परिजन मौजूद नहीं था, जिससे ननकई पूरी तरह अकेली थी। वहीं बहराइच मेडिकल कॉलेज के चिकित्सा अधीक्षक डॉक्टर मदन मोहन त्रिपाठी ने बताया कि जब महिला को अस्पताल लाया गया, तब बच्ची का जन्म हो चुका था और महिला के पेट पर गंभीर घाव था, जिसमें आंतें बाहर निकल आई थीं। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे तुरंत लखनऊ के केजीएमसी ट्रामा सेंटर रेफर किया गया।
ग्रामीणों के अनुसार, समय पर चिकित्सकीय सहायता न मिल पाने और प्रसव पीड़ा के असहनीय दर्द ने महिला को यह खतरनाक कदम उठाने पर मजबूर कर दिया। फिलहाल नवजात बच्ची सुरक्षित है, जबकि महिला का लखनऊ में इलाज जारी है और उसकी हालत पर डॉक्टरों की लगातार निगरानी बनी हुई है।
NGV PRAKASH NEWS
