NGV PRAKASH NEWS

भुवनेश्वर, 22 फरवरी 2026।
ओडिशा के झारसुगुड़ा जिले में रविवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे में तेज रफ्तार ट्रेलर ने बोलेरो वाहन को टक्कर मार दी। इस दर्दनाक दुर्घटना में पांच पुलिसकर्मियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार हादसा झारसुगुड़ा सदर थाना के ठीक सामने उस समय हुआ, जब पुलिस का बोलेरो वाहन आधिकारिक ड्यूटी पर था। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ने सामने से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बोलेरो वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान एपीआर कर्मी काशीराम भोई एवं देबदत्त सा, ड्रिल सब-इंस्पेक्टर निरंजन कुजूर, एपीआर हवलदार लिंगराज धुरुआ तथा होम गार्ड भक्तबंधु मिर्धा के रूप में की गई है।
इस दुर्घटना में दो एपीआर कर्मी और एक सार्जेंट गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सभी घायलों को तत्काल झारसुगुड़ा जिला मुख्यालय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। अस्पताल सूत्रों के अनुसार तीनों की हालत नाजुक बनी हुई है और उन्हें आईसीयू में रखा गया है।
पुलिस ने ट्रेलर चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच की जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया तथा राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी की।
NGV PRAKASH NEWS
