एंबुलेंस चालक ने अध्यक्ष पर लगाया मारपीट का आरोप,अध्यक्ष ने नकारा …….

NGV PRAKASH NEWS

एंबुलेंस चालक ने चेयरमैन पर मारपीट व धमकी का लगाया आरोप

बस्ती, 23 फरवरी 2026.

बस्ती के हरैया थाना परिसर में सोमवार को उस समय हंगामा खड़ा हो गया जब नगर पंचायत के एंबुलेंस चालक द्वारा चेयरमैन पर गंभीर आरोप लगाए जाने के बाद सैकड़ों ग्रामीण थाने पहुंच गए और नारेबाजी करने लगे। स्थिति को देखते हुए पुलिस को समझाइश कर भीड़ को शांत कराना पड़ा।

मामला स्थानीय नगर पंचायत क्षेत्र के वार्ड संख्या 5 पंडित दीनदयाल नगर निवासी करुणेश कुमार पांडेय से जुड़ा है, जिन्होंने थानाध्यक्ष को तहरीर देकर नगर पंचायत अध्यक्ष पर मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। तहरीर मिलते ही पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

आउटसोर्सिंग कर्मचारी करुणेश कुमार पांडेय का आरोप है कि उन्हें सोमवार को अध्यक्ष के आवास पर बुलाया गया, जहां चुनाव में समर्थन न देने और आवास वितरण में कथित वसूली को लेकर विवाद हुआ। उनका कहना है कि विरोध करने पर उनके साथ लाठी-डंडे और लात-घूंसे से मारपीट की गई। आरोप यह भी लगाया गया कि शोर मचाने पर उनके मुंह में पिस्टल डालकर धमकाया गया और शिकायत करने पर जान से मारने की चेतावनी दी गई।

घटना की जानकारी मिलते ही चालक के समर्थन में गांव के सैकड़ों लोग हरैया थाने पहुंच गए और अध्यक्ष के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। कुछ देर के लिए थाना परिसर में तनाव की स्थिति बन गई। प्रभारी निरीक्षक ने ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत कराया और आश्वासन दिया कि मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी। इसके बाद लोग वापस लौट गए।

💥 मामले में नगर पंचायत अध्यक्ष कौशलेंद्र प्रताप सिंह राजू ने सोशल मीडिया के माध्यम से आरोपों को असत्य और निराधार बताया है। उनका कहना है कि एंबुलेंस चालक को आवास योजना का प्रभारी बनाया गया था और एक सभासद के साथ मिलकर आवास दिलाने के नाम पर धन वसूली की गई। अध्यक्ष के अनुसार, सत्यापन केवल उन्हीं आवेदकों का किया गया जिन्होंने कथित रूप से धन दिया था, जबकि अन्य का सत्यापन लंबित रखा गया। उन्होंने यह भी दावा किया कि कर्मचारी ने उनके समक्ष 10 से 15 हजार रुपये मिलने की बात स्वीकार की थी। मारपीट के आरोपों को उन्होंने सिरे से खारिज करते हुए कहा कि आवश्यकता पड़ने पर साक्ष्य प्रस्तुत किए जाएंगे।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *