NGV PRAKASH NEWS

10वीं बोर्ड परीक्षा के दौरान छात्रा ने दिया बच्चे को जन्म, युवक के खिलाफ मामला दर्ज
धार, 25 फरवरी 2026.
मध्य प्रदेश के धार जिले में 10वीं बोर्ड परीक्षा के दौरान एक नाबालिग छात्रा द्वारा बच्चे को जन्म देने का मामला सामने आया है। घटना से परीक्षा केंद्र पर अफरातफरी का माहौल बन गया। छात्रा को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां मां और नवजात दोनों को चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, छात्रा सेक्टर-1 थाना क्षेत्र स्थित हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के एक निजी स्कूल में गणित की परीक्षा दे रही थी। पेपर के दौरान उसे अचानक पेट में तेज दर्द शुरू हुआ। वह बाथरूम गई, लेकिन करीब 15 मिनट तक वापस नहीं लौटी। इस पर महिला कर्मचारी ने जाकर देखा तो पता चला कि छात्रा ने वहीं एक नवजात शिशु को जन्म दिया है।
घटना की सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस को बुलाया गया और छात्रा को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। अस्पताल के डॉक्टरों ने बताया कि छात्रा और बच्चा दोनों स्वस्थ हैं और फिलहाल निगरानी में रखे गए हैं।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता नाबालिग है और बेटमा थाना क्षेत्र की निवासी है। पूछताछ में छात्रा ने बताया कि वह पिछले दो वर्षों से एक युवक के संपर्क में थी और इसी दौरान उसके साथ शारीरिक संबंध बने, जिससे वह गर्भवती हुई। परिजनों को इस बारे में कोई जानकारी नहीं थी।
पीड़िता के बयान के आधार पर संबंधित युवक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच के लिए प्रकरण संबंधित थाने को भेज दिया गया है। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।
NGV PRAKASH NEWS
