NGV PRAKASH NEWS के लिये छत्तीसगढ़ से “मेघा तिवारी” की विशेष रिपोर्ट

मासूम की मौत पर रिश्वत का आरोप, बचरापोड़ी चौकी के SI-ASI गिरफ्तार
छत्तीसगढ़ से “मेघा तिवारी” की विशेष रिपोर्ट
कोरिया (छत्तीसगढ़), 26 फरवरी 2026.
जिले में एक दर्दनाक हादसे के बाद रिश्वतखोरी के आरोपों ने पुलिस महकमे को कटघरे में खड़ा कर दिया है। एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) अंबिकापुर की टीम ने बचरापोड़ी चौकी के प्रभारी उप निरीक्षक अब्दुल मुनाफ को 25,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। मामले में सहायक उप निरीक्षक गुरु प्रसाद यादव को भी रिश्वत मांगने और साजिश के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।
प्रकरण की शुरुआत एक हादसे से हुई। ईंट निर्माण कार्य के दौरान परिसर में बने पानी भरे गड्ढे में मजदूर मोहित घसिया के मासूम बेटे की डूबने से मौत हो गई थी। परिवार शोक में डूबा था। आरोप है कि इसी घटना की जांच के नाम पर प्रार्थी सत्येन्द्र कुमार प्रजापति पर दबाव बनाया गया और केस को रफा-दफा करने के लिए 50,000 रुपये की मांग की गई। बाद में कथित तौर पर 25,000 रुपये में बात तय हुई।
शिकायत के अनुसार, उस समय चौकी में पदस्थ एएसआई गुरु प्रसाद यादव ने रकम की मांग की थी। स्थानांतरण के बाद भी कथित ‘सौदे’ का दबाव बना रहा और नए प्रभारी उप निरीक्षक अब्दुल मुनाफ ने प्रार्थी को रकम लेकर चौकी बुलाया। परेशान होकर प्रार्थी ने ACB अंबिकापुर से संपर्क किया। सत्यापन के बाद ट्रैप की योजना बनाई गई। निर्धारित रणनीति के तहत जैसे ही 25,000 रुपये सौंपे गए, ACB टीम ने उप निरीक्षक को मौके पर ही पकड़ लिया। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर एएसआई को भी गिरफ्तार किया गया।
दोनों आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 (संशोधित 2018) की धारा 7 और धारा 12 के तहत मामला दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। आगे की जांच जारी है।
इस कार्रवाई को भ्रष्टाचार के खिलाफ कड़ा संदेश माना जा रहा है।
NGV PRAKASH NEWS
