पंचायत चुनाव के पहले योगी सरकार ने किया यह काम…….

NGV PRAKASH NEWS

पंचायत चुनाव से पहले बड़ा फैसला…….

लखनऊ, 27 फरवरी 2026.

उत्तर प्रदेश में प्रस्तावित पंचायत चुनाव से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक और अहम निर्णय लिया है। हरदोई और फिरोजाबाद की ग्राम पंचायतों के नाम परिवर्तन के बाद अब आगरा जिले के एक गांव का नाम बदलने की घोषणा की गई है। सरकार की ओर से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर सीएमओ ऑफिस के आधिकारिक हैंडल के माध्यम से इसकी जानकारी दी गई।

घोषणा के अनुसार आगरा जिले की किरावली तहसील में स्थित ग्राम नगला बहरावती का नाम बदलकर अब पृथ्वीपुरा किया जाएगा। बताया गया है कि इस संबंध में जल्द ही औपचारिक आदेश जारी कर दिए जाएंगे। जानकारी के मुताबिक 25 मई 2022 को ग्राम पंचायत स्तर से केंद्र सरकार को नगला बहरावती का नाम बदलने का प्रस्ताव भेजा गया था। प्रस्ताव में उल्लेख किया गया था कि इस गांव को पृथ्वी सिंह नामक व्यक्ति ने बसाया था और तहसील क्षेत्र में पृथ्वीपुरा नाम से कोई अन्य गांव नहीं है, इसलिए ऐतिहासिक आधार पर नाम परिवर्तन किया जाना उचित होगा।

इससे पहले 31 जनवरी को हरदोई और फिरोजाबाद जिले की दो ग्राम पंचायतों के नाम भी बदले गए थे। सरकार की ओर से जारी जानकारी के अनुसार फिरोजाबाद जिले की तहसील व विकासखंड शिकोहाबाद स्थित ग्राम पंचायत वासुदेवमई के अंतर्गत ग्राम उरमुरा किरार का नाम बदलकर हरिनगर किया गया, जबकि हरदोई जिले के विकासखंड भरावन की ग्राम पंचायत हाजीपुर का नाम परिवर्तित कर सियारामपुर रखा गया।

हरदोई में नाम परिवर्तन का प्रस्ताव लगभग एक वर्ष पहले अप्रैल में जिला पंचायत की बैठक में लाया गया था। जिला पंचायत अध्यक्ष प्रेमावती की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में सर्वसम्मति से हाजीपुर का नाम सियारामपुर किए जाने का प्रस्ताव पारित किया गया था। बताया गया कि ग्राम पंचायत प्रधान गुज्जोदेवी ने गांव में अल्पसंख्यक वर्ग का एक भी परिवार न होने और ग्रामीणों की मांग का हवाला देते हुए नाम परिवर्तन का प्रस्ताव रखा था। बैठक में यह प्रस्ताव अनुमोदित कर डीएम के माध्यम से आयुक्त और सचिव राजस्व विभाग को भेजा गया था। उस समय एमएलसी अशोक अग्रवाल ने बताया था कि 209 परिवारों और लगभग 1118 की आबादी वाले गांव के निवासियों की मांग पर यह प्रस्ताव लाया गया।

पंचायत चुनाव से पहले लगातार हो रहे इन नाम परिवर्तनों को लेकर राजनीतिक और सामाजिक हलकों में चर्चाएं तेज हो गई हैं। समर्थक इसे ऐतिहासिक और सांस्कृतिक पहचान से जोड़ रहे हैं, जबकि विपक्ष इसे चुनावी रणनीति के रूप में देख रहा है। फिलहाल आगरा के नगला बहरावती के पृथ्वीपुरा बनने की औपचारिक अधिसूचना का इंतजार किया जा रहा है।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *