NGV PRAKASH NEWS

कोलकाता में 5.0 तीव्रता का भूकंप, भारत-बांग्लादेश सीमा के पास था केंद्र; सिक्किम में भी तड़के झटके
नई दिल्ली, 27 फरवरी 2026.
शुक्रवार दोपहर को कोलकाता में भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए, जिससे लोग घरों और कार्यालयों से बाहर निकलकर सड़कों पर आ गए। रिक्टर पैमाने पर इसकी तीव्रता 5.0 दर्ज की गई। भूकंप दोपहर करीब 1 बजकर 22 मिनट पर आया और इसका केंद्र भारत-बांग्लादेश सीमा के पास बांग्लादेश में लगभग तीन किलोमीटर अंदर बताया गया है।
झटकों के दौरान केंद्रीय राज्य मंत्री सुकांत मजूमदार एक सभा को संबोधित कर रहे थे। संबोधन के बीच ही उन्होंने कंपन महसूस किया, जिसके बाद कुछ समय के लिए कार्यक्रम में हलचल देखी गई। हालांकि, प्रारंभिक जानकारी के अनुसार कोलकाता या आसपास के क्षेत्रों से किसी बड़े जान-माल के नुकसान की खबर नहीं है। प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
इससे पहले शुक्रवार तड़के सुबह 4 बजकर 10 मिनट पर सिक्किम में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए। वहां रिक्टर पैमाने पर तीव्रता 3.7 मापी गई। पश्चिम सिक्किम में दो स्कूल भवनों में दरारें पड़ने की सूचना है। टाशीडिंग स्थित एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय और गेरेथांग जूनियर हाईस्कूल में दीवारों में दरार और सीलिंग का हिस्सा गिरने जैसी घटनाएं सामने आई हैं। राहत की बात यह है कि किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
उल्लेखनीय है कि एक दिन पहले भी क्षेत्र में हल्के झटके महसूस किए गए थे। लगातार दूसरे दिन आए भूकंप से लोगों में दहशत जरूर फैली है, लेकिन फिलहाल प्रशासन ने स्थिति को नियंत्रण में और सामान्य बताया है।
NGV PRAKASH NEWS
