NGV PRAKASH NEWS

नोएडा के निजी स्कूल की बड़ी लापरवाही, UKG का बच्चा 7 घंटे तक बस में बंद रहा
नई दिल्ली, 27 फरवरी 2026.
⏩नोएडा के एक नामी निजी स्कूल में गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है, जहां UKG में पढ़ने वाला एक मासूम छात्र करीब सात घंटे तक स्कूल बस में ही बंद रहा। घटना के सामने आने के बाद अभिभावकों में भारी आक्रोश है और स्कूल प्रबंधन पर कार्रवाई की मांग तेज हो गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार महागुण माजेरिया सोसाइटी में रहने वाला छात्र गुरुवार सुबह स्कूल बस से स्कूल के लिए निकला था। रास्ते में बच्चा बस की पिछली सीट पर सो गया। स्कूल पहुंचने पर अन्य सभी बच्चे उतर गए, लेकिन सो रहा बच्चा बस में ही रह गया। आरोप है कि बस चालक और कंडक्टर ने वाहन की जांच नहीं की और बस को स्कूल से लगभग 25 किलोमीटर दूर यार्ड में खड़ा कर दिया।
💥इधर बस के अंदर बच्चा घंटों तक रोता और मदद के लिए पुकारता रहा, लेकिन उसकी आवाज सुनने वाला कोई नहीं था। दोपहर में छुट्टी के समय जब बच्चे की मां उसे लेने पहुंचीं तो वह बस में नहीं मिला। परिवार ने स्कूल प्रशासन से संपर्क किया तो जानकारी मिली कि बच्चा स्कूल में अनुपस्थित दर्ज है, जबकि बस की उपस्थिति सूची में उसे उपस्थित दिखाया गया था।
📍घबराए परिजनों ने तत्काल बच्चे की तलाश शुरू की और अंततः करीब 25 किलोमीटर दूर खड़ी बस से बच्चे को बरामद किया गया। परिजनों ने स्कूल प्रशासन और बस स्टाफ पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की है।
➡️घटना के बाद स्कूल प्रबंधन ने आधिकारिक बयान जारी कर कहा कि परिवहन से जुड़ी एक घटना की जानकारी मिली थी, जिसमें वाहन में आई तकनीकी समस्या के कारण बस बदली गई थी और छात्र पुरानी बस में ही रह गया। प्रबंधन के अनुसार मामला संज्ञान में आते ही तत्काल कार्रवाई की गई और छात्र को सुरक्षित उसके माता-पिता को सौंप दिया गया।
स्कूल ने यह भी कहा कि बच्चा पूरी तरह सुरक्षित है और उसे कोई शारीरिक नुकसान नहीं हुआ है। साथ ही परिवहन प्रोटोकॉल की व्यापक समीक्षा शुरू कर दी गई है और भविष्य में ऐसी घटना दोबारा न हो, इसके लिए अतिरिक्त सुरक्षा उपाय लागू किए जा रहे हैं।
NGV PRAKASH NEWS
