Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS

इंटर की छात्रा अनुष्का हत्याकांड: पीड़ित परिवार से मिले सांसद रामप्रसाद चौधरी, न्याय और सरकारी मदद का दिया भरोसा
बस्ती, 05 मार्च 2026.
कलवारी थाना क्षेत्र के बैडारी एहतमाली स्थित मदरहवा पुरवा में इंटर की छात्रा अनुष्का की हत्या के बाद इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल बना हुआ है। घटना के बाद गुरुवार को बस्ती से सांसद राम प्रसाद चौधरी पीड़ित परिवार के घर पहुंचे और परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। सांसद ने शोकाकुल परिवार को न्याय दिलाने के साथ हरसंभव सरकारी मदद और सुरक्षा उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया।
सांसद ने परिजनों से बातचीत के दौरान कहा कि इस दर्दनाक घटना की निष्पक्ष और त्वरित जांच कराई जाएगी तथा दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने प्रशासन से भी बातचीत कर मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस दौरान मृतका अनुष्का के पिता दिनेश चंद, जो पंजाब में काम करते हैं, भी गांव पहुंच चुके हैं। बेटी की मौत से आहत पिता ने प्रशासन से न्याय की गुहार लगाते हुए सवाल उठाया कि उनकी बेटी का आखिर क्या दोष था कि उसे सोते समय गोली मार दी गई। परिवार का कहना है कि इस घटना ने पूरे घर को गहरे सदमे में डाल दिया है।
बताते चले कि सोमवार की रात अनुष्का अपने छोटे भाई के साथ घर के बरामदे में सो रही थी। उसी दौरान अज्ञात हमलावरों ने उसे गोली मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। शुरुआती जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
इस सनसनीखेज हत्याकांड में पुलिस अब तक 10 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर चुकी है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एसओजी समेत पुलिस की पांच टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। पुलिस अधीक्षक द्वारा भी इस संवेदनशील मामले की सीधे निगरानी की जा रही है ताकि जल्द से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर कानून के कठघरे में खड़ा किया जा सके।
NGV PRAKASH NEWS
