होली में चिकन खाने की दावत के दौरान चाकू से गोद युवक की निर्मम हत्या……

NGV PRAKASH NEWS

चिकन को लेकर हुए विवाद में युवक की चाकू मारकर हत्या, होली के जश्न के बीच बागपत में सनसनी

बागपत, 05 मार्च 2026.
उत्तर प्रदेश के बागपत जिले में होली के जश्न के बीच एक सनसनीखेज हत्या की घटना सामने आई है। मामूली विवाद से शुरू हुआ झगड़ा इतना बढ़ गया कि कुछ युवकों ने मिलकर एक युवक को चाकुओं से गोद डाला, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और मृतक के परिवार में कोहराम मच गया।

यह घटना बागपत जिले के तितड़ोदा गांव की है, जो सिंघावली अहीर पुलिस स्टेशन क्षेत्र में आता है। जानकारी के अनुसार बड़वाद गांव निवासी अमृत शर्मा को उसके दोस्त समीर ने होली की दावत के लिए तितरौदा गांव बुलाया था। अमृत जब गांव पहुंचा तो वह एक चिकन की दुकान पर गया, जहां मौजूद कुछ युवकों से चिकन को लेकर उसकी कहासुनी हो गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार बताया जा रहा है कि देखते ही देखते यह कहासुनी झगड़े में बदल गई। परिजनों के मुताबिक इसी दौरान सुहैल, अनस, शौकीन, चिंकू और एक अन्य युवक सुहैल ने अमृत शर्मा को घेर लिया। इसके बाद आरोपियों ने उस पर ताबड़तोड़ चाकुओं से हमला कर दिया। हमलावरों ने अमृत पर पांच बार चाकू से वार किया, जिसमें एक वार सीधे दिल में, एक पेट में और तीन वार कमर पर किए गए। गंभीर रूप से घायल अमृत लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हत्या की खबर फैलते ही गांव में तनाव का माहौल बन गया, जिसके बाद पुलिस ने इलाके में सतर्कता बढ़ा दी है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

मृतक के चाचा कल्लू शर्मा का कहना है कि उनके परिवार का गांव में किसी से कोई पुराना विवाद नहीं था। उन्होंने बताया कि होली की सुबह अमृत के दोस्त समीर का उसी गांव में किसी से विवाद हुआ था। बाद में अमृत को दावत के बहाने बुलाया गया और चिकन की दुकान पर विवाद के बाद उस पर हमला कर दिया गया। उनका आरोप है कि अमृत पर पांच चाकू के वार किए गए और हमला करने वाले युवक समुदाय विशेष से हैं।

पुलिस ने इस मामले में नामजद आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 190, 191(2), 191(3), 131, 103(1) और 109(1) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *