बाइकों की आमने-सामने की टक्कर में एक की मौत दूसरा गंभीर रूप से घायल…….

NGV PRAKASH NEWS

दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में युवक की मौत, एक गंभीर घायल

बस्ती, 09 मार्च 2026.

बस्ती के कप्तानगंज ब्लॉक क्षेत्र की ग्राम पंचायत खजुरिया स्थित इंडियन आयल पेट्रोल पंप के सामने सोमवार शाम दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने हुई भीषण टक्कर में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया । हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग घटनास्थल पर जुट गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार राजस्व गांव थनवारपुर, ग्राम पंचायत खजुरिया निवासी नौशाद अली (25) किसी काम से मोटरसाइकिल से जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही दूसरी बाइक से उनकी जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि नौशाद अली गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

दूसरी बाइक पर सवार खजुरिया निवासी सलमान (लगभग 38) भी हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए।

दुर्घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल उपचार के लिए जिला चिकित्सालय बस्ती भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों मोटरसाइकिलें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। हादसे के बाद कुछ देर तक सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा और राहगीरों की भीड़ जमा हो गई।

नगर थाना अध्यक्ष भानु प्रताप सिंह ने बताया कि मृतक नौशाद अली के शव को पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घायल सलमान का जिला चिकित्सालय में उपचार चल रहा है। पुलिस ने दुर्घटना से संबंधित मामले की जांच शुरू कर दी है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *