पुलिस के नाक के नीचे भाजपा नेता के घर बड़ी चोरी…….

NGV PRAKASH NEWS

रखौना चौकी से चंद कदम दूर भाजपा नेता के घर बड़ी चोरी, करीब 10 लाख की नकदी और जेवरात पर हाथ साफ

बस्ती, 10 मार्च 2026.

लालगंज थाना क्षेत्र में चोरी की एक बड़ी वारदात सामने आई है, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया है। थाना क्षेत्र के सपहा गांव में रखौना पुलिस चौकी से चंद कदम की दूरी पर स्थित भाजपा नेता अशोक कुमार उपाध्याय उर्फ डब्लू के घर में अज्ञात चोरों ने धावा बोलकर लाखों रुपये की चोरी कर ली। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और पुलिस गश्त व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं।

📍बताया जा रहा है कि भाजपा नेता अशोक कुमार उपाध्याय का परिवार किसी रिश्तेदारी में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने के लिए घर से बाहर गया हुआ था। इसी दौरान मौका पाकर बेखौफ चोरों ने बंद पड़े मकान को निशाना बनाया। चोरों ने लोगों के अनुसार समझौता छत के रास्ते घर अंदर प्रवेश किया और घर के अंदर रखी अलमारियों तथा बक्सों को खंगाल डाला।

➡️परिवार के सदस्य जब देर रात लगभग 12 बजे घर लौटे तो घर का नजारा देखकर दंग रह गए। घर के दरवाजे का ताला टूटा हुआ था और अंदर का पूरा सामान बिखरा पड़ा था। अलमारियां खुली थीं और बक्सों का सामान भी इधर-उधर फैला हुआ था। यह देख परिजनों के होश उड़ गए और तुरंत घटना की सूचना पुलिस को दी गई।

📍परिजनों के अनुसार घर से नकदी और जेवरात समेत लगभग 10 लाख रुपये मूल्य का सामान चोरी होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि चोरी गए सामान का सही आकलन अभी किया जा रहा है।

📍घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में भी हलचल मच गई। सूचना पर लालगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है और चोरों का सुराग लगाने के लिए जांच तेज कर दी गई है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस स्थान पर यह चोरी हुई है, वह रखौना पुलिस चौकी से बेहद नजदीक है। चौकी के पास ही इतनी बड़ी वारदात होने से पुलिस गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यदि इलाके में नियमित गश्त होती तो संभवतः चोर इतनी बड़ी वारदात को अंजाम नहीं दे पाते।

घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और लोग अपनी सुरक्षा को लेकर चिंतित नजर आ रहे हैं। ग्रामीणों ने पुलिस से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और जल्द से जल्द चोरों की गिरफ्तारी की मांग की है।

फिलहाल लालगंज पुलिस अज्ञात चोरों की तलाश में जुटी हुई है, लेकिन खबर लिखे जाने तक किसी ठोस सुराग की जानकारी सामने नहीं आ सकी है।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *