“कुछ दिन ही बचे है, वृद्धावस्था पेंशन दिलवा दो लल्ला”सुन कर डी यम नें…….

NGV PRAKASH NEWS

112 साल की बुजुर्ग महिला पहुंचीं डीएम के दरबार, बोलीं— “कुछ दिन की जिंदगी बची है, वृद्धावस्था पेंशन दिलवा दो लल्ला”

मथुरा, 10 मार्च 2026.

📍 उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में सोमवार को जिलाधिकारी कार्यालय में एक भावुक दृश्य देखने को मिला, जिसने वहां मौजूद लोगों को भावुक कर दिया। 112 वर्षीय बुजुर्ग महिला रम्मूली देवी अपनी समस्या लेकर जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह के पास पहुंचीं। जैसे ही जिलाधिकारी की नजर उन पर पड़ी, वह तुरंत अपनी कुर्सी से खड़े हो गए और उन्हें सम्मानपूर्वक बैठाया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार बताया जा रहा है कि मथुरा के इंद्रपुरी क्षेत्र में रहने वाली रम्मूली देवी अपने पोते की बहू के सहारे जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचीं थीं। उम्र के इस पड़ाव पर भी उन्हें अब तक वृद्धावस्था पेंशन का लाभ नहीं मिल पाया है। जब जिलाधिकारी ने उनसे आने का कारण पूछा तो बुजुर्ग महिला भावुक हो गईं और कातर स्वर में बोलीं, “लल्ला, अब जिंदगी के कुछ ही दिन बचे हैं, हमको वृद्धावस्था पेंशन दिलवा दो।”

📍बुजुर्ग महिला की यह बात सुनकर वहां मौजूद लोग भी भावुक हो गए। जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने तुरंत उनकी समस्या को गंभीरता से लिया और मौके पर ही जिला समाज कल्याण अधिकारी को निर्देश दिया कि तीन दिन के भीतर रम्मूली देवी की वृद्धावस्था पेंशन की प्रक्रिया पूरी कराई जाए।

दरअसल, मथुरा जिलाधिकारी कार्यालय में हर सोमवार को जनसुनवाई का आयोजन किया जाता है, जिसमें जिले भर से लोग अपनी समस्याएं लेकर पहुंचते हैं। इसी जनसुनवाई के दौरान रम्मूली देवी भी अपनी फरियाद लेकर डीएम कार्यालय पहुंचीं थीं।

💥जिलाधिकारी के संवेदनशील व्यवहार की अब सोशल मीडिया पर भी जमकर चर्चा हो रही है। लोगों का कहना है कि जिस तरह से डीएम ने बुजुर्ग महिला को सम्मान के साथ बैठाया और उनकी समस्या को तुरंत संज्ञान में लिया, वह प्रशासन की संवेदनशीलता का अच्छा उदाहरण है। कई लोगों ने कहा कि यदि अधिकारी इसी तरह आम जनता की समस्याओं को गंभीरता से सुनें तो लोगों को सरकारी दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।

📍📍यह पहला मौका नहीं है जब मथुरा के जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह अपने मानवीय व्यवहार को लेकर चर्चा में आए हों। इससे पहले अगस्त 2025 में भी उनका एक वीडियो काफी चर्चा में रहा था, जब वह बाढ़ की स्थिति का जायजा लेने वृंदावन पहुंचे थे। उस दौरान उन्होंने सड़क किनारे भीख मांग रहे कुछ बुजुर्गों को देखा तो खुद उनके पास जाकर जमीन पर बैठ गए और उनसे बातचीत की।

उस समय जिलाधिकारी ने भीख मांग रहे लोगों से कहा था कि भीख मांगने के बजाय कोई काम करने की कोशिश करें। उन्होंने कहा था कि वृंदावन जैसे धार्मिक शहर में रोजगार के कई अवसर मौजूद हैं, जिससे लोग सम्मान के साथ अपना जीवनयापन कर सकते हैं।

फिलहाल 112 वर्षीय रम्मूली देवी की समस्या का समाधान जल्द होने की उम्मीद जताई जा रही है। जिलाधिकारी के निर्देश के बाद संबंधित विभाग ने उनकी पेंशन से जुड़ी प्रक्रिया शुरू कर दी है।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *