NGV PRAKASH NEWS

फुकेट एयरपोर्ट पर लैंडिंग के दौरान एयर इंडिया एक्सप्रेस विमान का नोज़ व्हील अलग, सभी यात्री सुरक्षित
फुकेट (थाईलैंड), 11 मार्च 26.
थाईलैंड के फुकेट अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर बुधवार को एक बड़ा विमान हादसा टल गया, जब एयर इंडिया एक्सप्रेस के एक विमान की लैंडिंग के दौरान उसके नोज़ व्हील अलग हो गए। हालांकि राहत की बात यह रही कि विमान में सवार सभी यात्री और चालक दल के सदस्य सुरक्षित हैं और किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
यह भी पढ़े…….
मिली जानकारी के अनुसार एयर इंडिया एक्सप्रेस का बोइंग 737 मैक्स विमान हैदराबाद से फुकेट जा रहा था। विमान जैसे ही फुकेट अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे के रनवे पर उतर रहा था, उसी दौरान तकनीकी समस्या सामने आई और उसके आगे के दोनों नोज़ व्हील अलग हो गए। इस घटना के बाद विमान को तुरंत नियंत्रित करते हुए सुरक्षित तरीके से रोक लिया गया।
घटना की जानकारी मिलते ही एयरपोर्ट पर आपातकालीन सेवाओं को सक्रिय कर दिया गया। विमान में सवार सभी यात्रियों को सुरक्षित तरीके से बाहर निकालकर टर्मिनल भवन में पहुंचाया गया। अधिकारियों के अनुसार इस घटना में किसी भी यात्री या क्रू सदस्य को कोई चोट नहीं आई है।
नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) के एक वरिष्ठ अधिकारी के हवाले से बताया गया है कि विमान को लैंडिंग के दौरान तकनीकी परेशानी का सामना करना पड़ा, जिसके कारण उसके दोनों नोज़ व्हील अलग हो गए। घटना के बाद विमान को रनवे पर ही रोकना पड़ा।
इस बीच विमान को हटाने और स्थिति को सामान्य करने के लिए फुकेट एयरपोर्ट के रनवे को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया। एयरपोर्ट प्रशासन और तकनीकी टीमों ने मौके पर पहुंचकर विमान की जांच शुरू कर दी है। विमान को सुरक्षित रूप से हटाने के बाद ही रनवे को फिर से संचालन के लिए खोला जाएगा।
घटना के कारण कुछ समय के लिए हवाई यातायात भी प्रभावित हुआ। संबंधित एजेंसियां अब इस पूरे मामले की जांच कर रही हैं ताकि यह पता लगाया जा सके कि लैंडिंग के समय यह तकनीकी खराबी किस वजह से हुई।
NGV PRAKASH NEWS
