NGV PRAKASH NEWS

13 मार्च को किसानों के खाते में आएंगे 2000 रुपये, 9 करोड़ से ज्यादा लाभार्थियों को मिलेगा बड़ा फायदा
नई दिल्ली, 11 मार्च 26 —
देश के करोड़ों किसानों के लिए बड़ी राहत भरी खबर सामने आई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (PM-KISAN) योजना के तहत 13 मार्च 2026 को 22वीं किस्त जारी करने जा रहे हैं। इस किस्त के तहत देशभर के 9 करोड़ 32 लाख से अधिक किसानों के बैंक खातों में सीधे 18,640 करोड़ रुपये से ज्यादा की राशि ट्रांसफर की जाएगी।
यह राशि डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से सीधे किसानों के खातों में भेजी जाएगी। योजना के तहत पात्र किसान परिवारों को हर साल कुल 6,000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है, जो तीन बराबर किस्तों में 2,000-2,000 रुपये के रूप में उनके बैंक खातों में पहुंचती है।
यह भी पढ़ें…….
जानकारी के अनुसार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी असम के गुवाहाटी से इस योजना की 22वीं किस्त जारी करेंगे। इससे पहले योजना की 21वीं किस्त 19 नवंबर 2025 को तमिलनाडु के कोयम्बटूर से जारी की गई थी। सरकार द्वारा वर्ष 2019 में शुरू की गई इस योजना के माध्यम से अब तक किसानों के खातों में 4.09 लाख करोड़ रुपये से अधिक की राशि ट्रांसफर की जा चुकी है।
इस योजना का उद्देश्य छोटे और मझोले किसानों को आर्थिक सहारा देना है, ताकि वे खेती से जुड़े खर्च जैसे बीज, खाद और अन्य कृषि जरूरतों को आसानी से पूरा कर सकें। सरकार का मानना है कि इस आर्थिक सहायता से किसानों की खेती की लागत कम करने में मदद मिलती है और उनकी आय को भी सहारा मिलता है।
हालांकि योजना का लाभ पाने के लिए कुछ जरूरी शर्तें भी तय की गई हैं। किसानों के लिए ई-केवाईसी कराना अनिवार्य है, क्योंकि बिना ई-केवाईसी के खातों में किस्त की राशि नहीं भेजी जाएगी। इसके अलावा बैंक खाता आधार से लिंक होना चाहिए और जमीन का रिकॉर्ड भी सही होना आवश्यक है।
किसान अपने लाभार्थी स्टेटस की जांच आधिकारिक वेबसाइट pmkisan.gov.in पर जाकर कर सकते हैं। यदि किसी किसान का नाम लाभार्थी सूची में शामिल है, तो 13 मार्च को उसके बैंक खाते में 2,000 रुपये की किस्त सीधे पहुंच जाएगी।
NGV PRAKASH NEWS
