NGV PRAKASH NEWS

प्यार में टूटे भरोसे ने ली मेडिकल छात्रा की जान, कमरे में फंदे से लटका मिला शव; मोबाइल में मिला आखिरी वीडियो
गाजियाबाद, 12 मार्च 2026.
दिल को झकझोर देने वाली एक घटना में गाजियाबाद के विजयनगर थाना क्षेत्र स्थित सिद्धार्थ विहार की वृंदावन सोसायटी में रहने वाली 25 वर्षीय मेडिकल छात्रा ने अपने ही कमरे में फंदा लगाकर जान दे दी। कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था और जब पुलिस ने दरवाजा तोड़ा तो सामने का मंजर हर किसी को स्तब्ध कर देने वाला था—एक ऐसा सपना, जो डॉक्टर बनने की राह पर था, अचानक हमेशा के लिए खामोश हो चुका था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मूल रूप से मुजफ्फरनगर के खतौली थाना क्षेत्र के समौली गांव की रहने वाली आरती नोएडा की एक नामचीन यूनिवर्सिटी में फिजियोथेरेपी के दूसरे वर्ष की छात्रा थी और गाजियाबाद में किराए के फ्लैट में रहकर पढ़ाई कर रही थी। लेकिन सोमवार देर रात उसके जीवन की कहानी एक दर्दनाक मोड़ पर खत्म हो गई।
पुलिस को आरती के मोबाइल फोन से एक वीडियो मिला है, जिसे उसने यह कदम उठाने से ठीक पहले रिकॉर्ड किया था। वीडियो में आरती बेहद भावुक हालत में नजर आती है और कहती है कि यह फैसला उसका अपना है। उसने कहा कि पहले अपनों ने उसे ठुकराया और अब प्यार ने भी उसे अकेला छोड़ दिया। जिस दोस्त के साथ उसने पूरी जिंदगी बिताने का सपना देखा था, उसने किसी और से शादी कर ली।
आरती ने अपने दर्द को शब्दों में ढालते हुए कहा कि अब वह जीवन से हार चुकी है और इस कदम की जिम्मेदार वह खुद है।
मामले की जांच के दौरान पुलिस को कमरे से एक डायरी भी मिली है, जिसके पन्नों पर आरती का टूटा हुआ मन साफ दिखाई देता है। उसने लिखा कि उनका रिश्ता विश्वास पर टिका था, लेकिन जब उसने अपने दोस्त को उसकी पत्नी के साथ देखा तो वह सदमे में चली गई। डायरी में उसने यह भी लिखा कि उसे अपने दोस्त पर पूरा भरोसा था और जब से उसने उससे कुछ बातें सुनीं, तब से उसका बुखार तक नहीं उतर रहा।
यह भी पढ़ें…….
डायरी के एक पन्ने पर लिखे शब्द बेहद मार्मिक हैं। आरती ने लिखा कि उसने जिंदगी में बहुत कुछ सहा है—पहले अपनों ने साथ छोड़ा और अब प्यार ने भी। उसने लिखा कि अगर उसे मौका मिलता तो वह दोस्त की पत्नी के “पैर की जूती बनकर भी रह लेती”, लेकिन अब उसके पास कोई रास्ता नहीं बचा।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक सोमवार रात करीब 10 बजे से देर रात तक एक मोबाइल नंबर से आरती के फोन पर लगभग 11 कॉल आईं। इनमें से कुछ कॉल उसने रिसीव कीं, जबकि बाद में कॉल उठाना बंद कर दिया। मोबाइल में 23 चैट मैसेज भी मिले हैं, जिनमें प्यार में ठगे जाने और टूटे भरोसे की बातें सामने आई हैं।
घटना का पता तब चला जब सोमवार रात करीब दो बजे आरती के साथ क्लब में काम करने वाला एक दोस्त उसके कमरे पर पहुंचा। उसने दरवाजा खुलवाने की कोशिश की, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। दरवाजा बंद होने पर उसने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़ा तो आरती का शव फंदे से लटका मिला। सूचना पर फोरेंसिक टीम को बुलाया गया, जिसने कमरे से मोबाइल, डायरी और कुछ अन्य अहम दस्तावेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
पुलिस ने मंगलवार को पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। एसीपी नगर कोतवाली उपासना पांडेय ने बताया कि छात्रा ने अपने कमरे में आत्महत्या की है। मोबाइल से एक वीडियो और कमरे से डायरी बरामद हुई है। पूरे मामले की जांच की जा रही है।
NGV PRAKASH NEWS
