पकौड़ी से प्यार-दुल्हन फरार…….

NGV PRAKASH NEWS

बिलारी बस स्टैंड से नवविवाहिता लापता, पकौड़ी लेने गए पति के लौटने तक बस से उतरकर हुई गायब

मुरादाबाद, 14 मार्च 2026.

उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जनपद में बिलारी बस स्टैंड से एक नवविवाहिता के अचानक लापता होने का मामला सामने आया है। बस में बैठी महिला ने अपने पति को पकौड़ी लेने के लिए नीचे भेजा और इसी दौरान वह बस से उतरकर गायब हो गई। पति ने पत्नी के किसी युवक के साथ चले जाने की आशंका जताते हुए पुलिस में गुमशुदगी दर्ज कराई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार अमरोहा जिले के थाना हसनपुर क्षेत्र के गांव ओसामाफी निवासी पीतम सिंह की शादी 1 दिसंबर 2025 को रामपुर जिले के थाना सैफनी क्षेत्र के गांव सागरपुर निवासी 18 वर्षीय रिमझिम के साथ हुई थी। होली का त्योहार मनाने के लिए रिमझिम करीब एक सप्ताह पहले अपने मायके गई हुई थी।

बताया जा रहा है कि 9 मार्च 2026 को पीतम सिंह अपनी पत्नी को मायके से विदा कराकर वापस घर ला रहा था। दोनों सैफनी से बिलारी पहुंचे और वहां से मुरादाबाद जाने के लिए रोडवेज बस में सवार हो गए।

दोपहर करीब दो बजे बस बिलारी बस स्टैंड पर रुकी तो रिमझिम ने पति से पकौड़ी खाने की इच्छा जताई और उसे पास की कैंटीन से पकौड़ी और पानी लेने के लिए भेज दिया। पति जब कुछ देर बाद पकौड़ी लेकर वापस बस में लौटा तो उसकी पत्नी सीट पर नहीं थी।

यह भी पढ़े……..

पीतम सिंह ने पत्नी के मोबाइल पर कॉल किया, लेकिन फोन स्विच ऑफ मिला। बस में मौजूद यात्रियों से पूछताछ करने पर पता चला कि महिला किसी से मोबाइल पर बात करते हुए बस से नीचे उतर गई थी। काफी देर तक बस स्टैंड और आसपास के इलाके में तलाश करने के बाद भी उसका कोई पता नहीं चल सका।

इसके बाद पीतम सिंह बिलारी थाने पहुंचा और पुलिस को तहरीर देकर पत्नी की गुमशुदगी दर्ज कराई। तहरीर में उसने आशंका जताई है कि उसकी पत्नी रामपुर जिले के थाना सैफनी क्षेत्र के गांव सागरपुर निवासी इमरान नामक युवक के साथ चली गई है।

पति के अनुसार रिमझिम की लंबाई करीब 5 फुट 3 इंच, रंग गोरा और शिक्षा इंटरमीडिएट तक है। वहीं पीतम सिंह के पिता का कहना है कि उन्हें पहले इस तरह की किसी बात की जानकारी नहीं थी और न ही किसी पर शक था।

बिलारी थाना पुलिस ने पति की तहरीर के आधार पर गुमशुदगी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार इस मामले की जांच उपनिरीक्षक विनीत कुमार को सौंपी गई है और महिला की तलाश की जा रही है।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *