कमिश्नरी सिस्टम लागू होने से पुलिसिंग होगी और मजबूत…….

मेघा तिवारी की विशेष रिपोर्ट NGV PRAKASH NEWS

रायपुर में कमिश्नरी सिस्टम लागू होने से पुलिसिंग होगी और मजबूत

रायपुर, 14 मार्च 2026.

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में लागू की गई नई पुलिस कमिश्नरी प्रणाली को कानून व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि इस व्यवस्था से शहर में सुरक्षा प्रबंधन मजबूत होगा और अपराध नियंत्रण के साथ-साथ पुलिस की कार्यक्षमता में भी व्यापक सुधार देखने को मिलेगा।

अधिकारियों के अनुसार रायपुर में 23 जनवरी से पुलिस कमिश्नरी प्रणाली लागू की गई है। इस व्यवस्था के लागू होने के बाद पुलिस प्रशासनिक ढांचे में भी बड़ा बदलाव आया है। पहले जहां शहर की पुलिस व्यवस्था की जिम्मेदारी सीमित अधिकारियों के पास थी, वहीं अब 6 से अधिक आईपीएस अधिकारियों के साथ एडीसीपी और एसीपी स्तर के कई अधिकारियों की तैनाती की गई है। इससे निगरानी व्यवस्था अधिक प्रभावी हुई है और कानून व्यवस्था को लागू करने में पुलिस को अतिरिक्त मजबूती मिली है।

यह भी पढ़ें…….

महिला एवं बाल सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए पुलिस द्वारा शहर के स्कूल और कॉलेज क्षेत्रों में ‘पिंक पेट्रोलिंग’ बढ़ाई गई है। विशेषकर छुट्टी के समय चिन्हित स्थानों पर पुलिस की मौजूदगी सुनिश्चित की जा रही है, जिससे छात्राओं और महिलाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया जा सके और असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखी जा सके।

कमिश्नरी प्रणाली लागू होने के बाद पुलिस अधिकारियों को कई महत्वपूर्ण प्रशासनिक अधिकार भी प्राप्त हुए हैं। पहले जिन मामलों की सुनवाई एसडीएम स्तर पर होती थी, अब वे मामले एसीपी, डीसीपी और पुलिस कमिश्नर स्तर पर सुने जा सकेंगे। इसके साथ ही पुलिस को ‘जिला बदर’ और ‘बाउंड ओवर’ जैसी प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करने का अधिकार भी मिल गया है। यदि कोई अपराधी बाउंड ओवर का उल्लंघन करता है तो उसकी जमानत राशि जब्त कर उसे जेल भेजने की कार्रवाई की जा सकती है।

शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए ट्रैफिक विभाग में भी अधिकारियों और पुलिसकर्मियों की संख्या बढ़ाई गई है। इससे ट्रैफिक प्रबंधन में सुधार की उम्मीद जताई जा रही है। साथ ही वीआईपी ड्यूटी, धरना-प्रदर्शन और बड़े आयोजनों के दौरान भी पुलिस अब अधिक प्रभावी तरीके से कानून व्यवस्था संभाल सकेगी।

अधिकारियों का कहना है कि रायपुर प्रदेश की राजधानी होने के कारण यहां पुलिस के सामने लगातार नई चुनौतियां आती रहती हैं। ऐसे में अपराध नियंत्रण, वीआईपी सुरक्षा और जन सुरक्षा जैसे कई मोर्चों पर एक साथ काम करना पड़ता है। कमिश्नरी प्रणाली से इन सभी व्यवस्थाओं को अधिक संगठित और तेज गति से संचालित किया जा सकेगा।

पुलिस अधिकारियों ने विश्वास जताया है कि कमिश्नरी सिस्टम लागू होने से रायपुर में पुलिसिंग व्यवस्था में व्यापक सुधार देखने को मिलेगा। इसका सकारात्मक प्रभाव हाल ही में होली पर्व के शांतिपूर्ण आयोजन में भी दिखाई दिया, जहां पुलिस ने बेहतर समन्वय और निगरानी के साथ सुरक्षा व्यवस्था संभाली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *