NGV PRAKASH NEWS

रिश्वत लेते वीडियो वायरल होने पर स्वास्थ्य विभाग का बाबू निलंबित, डिप्टी सीएम के निर्देश पर कार्रवाई
बस्ती, 15 मार्च 2026.
एरियर भुगतान के नाम पर 45 हजार रुपये लेने के आरोप में स्वास्थ्य विभाग के एक बाबू पर कार्रवाई करते हुए उसे निलंबित कर दिया गया है। डिप्टी सीएम बृजेश पाठक ने मामले का संज्ञान लेते हुए स्वास्थ्य निदेशक को कार्रवाई के निर्देश दिए, जिसके बाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र विक्रमजोत में तैनात वरिष्ठ लिपिक प्रदीप श्रीवास्तव को निलंबित कर अपर निदेशक चिकित्सा एवं स्वास्थ्य चित्रकूट धाम मंडल बांदा से संबद्ध कर दिया गया है।
इस कार्रवाई की जानकारी डिप्टी सीएम ने अपने इंटरनेट मीडिया अकाउंट के माध्यम से साझा की। पोस्ट में बताया गया कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र विक्रमजोत के वरिष्ठ लिपिक द्वारा रिश्वत लेने का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हुआ था, जिसे गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई की गई। मामले की जांच के लिए अपर निदेशक चिकित्सा एवं स्वास्थ्य चित्रकूट धाम मंडल बांदा को जांच अधिकारी नामित किया गया है।
डिप्टी सीएम ने अपनी पोस्ट में स्पष्ट कहा कि स्वास्थ्य विभाग में भ्रष्टाचार के लिए कोई स्थान नहीं है और सरकार की छवि धूमिल करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
यहां बताते चले की बृहस्पतिवार को इंटरनेट मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें एक एएनएम द्वारा वरिष्ठ लिपिक को रुपये देते हुए देखा जा रहा था। बताया गया कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र विक्रमजोत के अंतर्गत उप स्वास्थ्य केंद्र में एएनएम पद पर तैनात सुनीता वर्मा का विभाग में लाखों रुपये का एरियर भुगतान लंबित था, जिसके लिए उन्होंने उच्च न्यायालय में रिट याचिका दायर की थी।
यह भी पढ़े…….
न्यायालय द्वारा चार सप्ताह के भीतर भुगतान करने का आदेश दिया गया था। आदेश के बाद भुगतान प्रक्रिया के लिए वरिष्ठ लिपिक को रिपोर्ट भेजनी थी। आरोप है कि इसी प्रक्रिया के लिए बाबू द्वारा रुपये की मांग की गई थी। एएनएम द्वारा रुपये दिए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसके बाद मामले ने तूल पकड़ लिया और शासन स्तर से कार्रवाई की गई।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजीव निगम ने बताया कि शासन स्तर से बाबू के खिलाफ हुई कार्रवाई से संबंधित पत्र अभी तक उन्हें प्राप्त नहीं हुआ है।
NGV PRAKASH NEWS
