NGV PRAKASH NEWS

साबरमती एक्सप्रेस के फर्स्ट एसी कोच में मेडिकल छात्रा से दुष्कर्म की कोशिश, लखनऊ में सहयात्री गिरफ्तार
लखनऊ, 14 मार्च 2026.
वाराणसी से अहमदाबाद जा रही साबरमती एक्सप्रेस के फर्स्ट एसी कोच में एक मेडिकल छात्रा से दुष्कर्म की कोशिश का मामला सामने आया है। आरोप है कि सहयात्री ने युवती को अकेला पाकर उसके साथ जबरदस्ती करने का प्रयास किया और उसे नशीला पदार्थ देने की भी कोशिश की। छात्रा के शोर मचाने पर ट्रेन में मौजूद अन्य यात्री और टीटीई मौके पर पहुंचे और आरोपी को पकड़ लिया। ट्रेन के लखनऊ पहुंचने पर उसे जीआरपी के हवाले कर दिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मेडिकल की छात्रा फर्स्ट एसी कोच में सफर कर रही थी। इसी दौरान सहयात्री अमित सिंह यादव ने उसे अकेला पाकर दुष्कर्म की नीयत से दबोचने की कोशिश की। आरोप है कि उसने युवती को नशीला पदार्थ देने का भी प्रयास किया, ताकि वह बेहोश हो जाए। घटना से घबराई छात्रा ने तुरंत शोर मचाया, जिसके बाद अन्य यात्री और रेलवे स्टाफ मौके पर पहुंच गए और आरोपी को काबू में कर लिया।
घटना के बाद छात्रा ने फोन कर पूरी जानकारी अपनी मां को दी। छात्रा की मां ने सोशल मीडिया के माध्यम से रेलवे और उत्तर प्रदेश पुलिस को टैग करते हुए शिकायत दर्ज कराई। मामले का संज्ञान लेते हुए रेलवे प्रशासन और जीआरपी तुरंत सक्रिय हो गई।
रेलवे कंट्रोल रूम से सूचना मिलने के बाद लखनऊ जीआरपी को अलर्ट किया गया। देर रात जब साबरमती एक्सप्रेस चारबाग रेलवे स्टेशन पहुंची तो जीआरपी ने आरोपी अमित सिंह यादव को हिरासत में ले लिया और पूछताछ शुरू की।
जीआरपी अधिकारियों के अनुसार छात्रा के बयान के आधार पर आरोपी के खिलाफ गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली गई है और मामले की आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
NGV PRAKASH NEWS
