
शादी का झांसा देकर दुष्कर्म का आरोप, विरोध करने पर मारपीट व जातिसूचक टिप्पणी, दो नामजद पर मुकदमा दर्ज
बस्ती, 17 मार्च 2026.
जनपद के मुण्डेरवा थाना क्षेत्र से एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां एक युवती ने शादी का झांसा देकर लंबे समय तक दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। पीड़िता का कहना है कि जब आरोपी ने दूसरी जगह शादी करने की तैयारी शुरू की और उसने इसका विरोध किया, तो उसके और उसके परिवार के साथ मारपीट की गई तथा जातिसूचक टिप्पणियां भी की गईं। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए दो नामजद आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता के अनुसार, आरोपी हेमंत उपाध्याय 2 सितंबर 2024 को उसे अपने जन्मदिन के बहाने अयोध्या घुमाने ले गया था। दर्शन के बाद वह उसे हनुमानगढ़ी के पास एक होटल में ले गया, जहां शादी का भरोसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। विरोध करने पर आरोपी ने सामाजिक रूप से विवाह करने का आश्वासन दिया, जिसके बाद युवती घर लौट आई।
पीड़िता ने आरोप लगाया है कि इसके बाद आरोपी समय-समय पर उसे अयोध्या ले जाता रहा और उसी होटल में संबंध बनाता रहा। 1 जून 2025 को युवती ने अपनी नौकरी छोड़ दी, जिसके बाद आरोपी उसे संतकबीरनगर जिले के नवीन फल मंडी के पास स्थित एक होटल में भी कई बार ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया।
आरोप है कि 2 सितंबर 2025 को अपने जन्मदिन के दिन आरोपी ने युवती को जखनी मेडिकल कॉलेज रोड स्थित अभिनंदन पैलेस में बुलाया, जहां उसके साथ फिर संबंध बनाए। जब भी युवती शादी की बात करती, आरोपी टालमटोल करता रहा और विवाह से बचता रहा।
3 सितंबर 2025 को युवती को जानकारी मिली कि आरोपी की शादी कहीं और तय हो रही है। इस पर उसने आरोपी से संपर्क किया, जिसने उसे महसो स्थित चंगेरा पार्क में मिलने बुलाया। युवती अपनी मां इसरावती और भाई धर्मेंद्र के साथ वहां पहुंची, जबकि आरोपी अपने पिता दिलीप चंद्र उपाध्याय और अन्य लोगों के साथ आया। बातचीत के दौरान दोनों पक्षों में विवाद बढ़ गया और आरोप है कि आरोपी व उसके पिता ने युवती और उसके भाई के साथ मारपीट की, गाली-गलौज की और जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए शादी से साफ इनकार कर दिया।
पुलिस ने हेमंत उपाध्याय और उसके पिता दिलीप चंद्र उपाध्याय, निवासी दुधौरा थाना कोतवाली, जनपद बस्ती के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच जारी है और पुलिस का कहना है कि तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
NGV PRAKASH NEWS
