NGV PRAKASH NEWS

सल्टौआ में अवैध हॉस्पिटल पर बड़ी कार्रवाई, अमित हॉस्पिटल एंड अल्ट्रासाउंड सेंटर सीज
बस्ती, 18 मार्च 2026.
बस्ती के सल्टौआ क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित हो रहे एक अस्पताल पर स्वास्थ्य विभाग ने सख्त कार्रवाई करते हुए उसे सीज कर दिया। अमित हॉस्पिटल एंड अल्ट्रासाउंड सेंटर के नाम से चल रहे इस संस्थान के पास आवश्यक प्रमाण-पत्र और वैध पंजीकरण नहीं पाए गए, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई।
यह भी पढ़ें…….
डिप्टी सीएमओ डॉ. एसबी सिंह के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और अस्पताल की जांच की। निरीक्षण के दौरान कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। आवश्यक दस्तावेजों के अभाव और नियमों के उल्लंघन को देखते हुए टीम ने तत्काल अस्पताल को सील कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बताया जा रहा है कि इस कार्रवाई से पहले अस्पताल से जुड़े एक मामले में एमओआईसी डॉ. अमित कन्नौजिया के साथ मारपीट की घटना भी सामने आई थी। इस घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच तेज की और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की।
अधिकारियों के अनुसार, यह अस्पताल लंबे समय से बिना वैध अनुमति के संचालित हो रहा था। दस्तावेजों की गहन जांच में कई खामियां और नियमों की अनदेखी पाई गई, जिसके आधार पर यह सख्त कदम उठाया गया।
स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि जनपद में अवैध रूप से संचालित अस्पतालों, अल्ट्रासाउंड और पैथोलॉजी केंद्रों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
NGV PRAKASH NEWS
