NGV PRAKASH NEWS

रामनवमी जुलूस में हिंसा: तीन की मौत, 650 से अधिक घायल, कई की हालत गंभीर
हजारीबाग, 30 मार्च 2026.
रामनवमी के अवसर पर निकाले गए जुलूस के दौरान परंपरागत अस्त्र-शस्त्र प्रदर्शन हिंसक रूप ले बैठा, जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई जबकि 658 से अधिक लोग घायल हो गए। घायलों का इलाज शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में कराया गया, जहां चार की हालत गंभीर बताई जा रही है और उन्हें चिकित्सकों की निगरानी में रखा गया है।
पुलिस के अनुसार, दशमी की रात से शुरू हुए जुलूस के दौरान अलग-अलग स्थानों पर हुई घटनाओं में यह हादसा हुआ। बड़ा बाजार थाना क्षेत्र के बड़ा ग्वाल टोली निवासी 23 वर्षीय अभिषेक कुमार की झंडा चौक पर देर रात करीब दो बजे चाकू से हमला कर हत्या कर दी गई। हमले में उसकी छाती के दाईं ओर गहरा जख्म हुआ और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण हालत बिगड़ गई। उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
इस घटना से आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने जुलूस के दौरान ही हत्यारों की गिरफ्तारी और कड़ी सजा की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। परिजनों का आरोप है कि अभिषेक की सुनियोजित तरीके से हत्या की गई।
दूसरी घटना में दारू थाना क्षेत्र के सिलवार निवासी 20 वर्षीय प्रिंस कुमार की भी जुलूस के दौरान मौत हो गई। वहीं पेलावल निवासी 55 वर्षीय बबन राम की जान उस समय चली गई जब अस्त्र-शस्त्र प्रदर्शन के दौरान उनके सिर पर हाकी स्टिक से गंभीर चोट लगी। उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद शहर में तनाव का माहौल बन गया। अभिषेक कुमार की मौत के विरोध में परिजनों ने सरदार चौक के पास सड़क जाम कर प्रदर्शन किया और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। सूचना मिलने पर सदर एसडीएम आदित्य पांडे मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया। प्रशासन की ओर से सीसीटीवी फुटेज की जांच कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने के बाद करीब शाम 5:30 बजे प्रदर्शन समाप्त हुआ।
प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटा हुआ है और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
NGV PRAKASH NEWS
