ईमानदारी की मिसाल: ऑटो चालक मो० इद्रीश ने लौटाया 5.5 लाख के गहनों से भरा बैग…….

Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS

ईमानदारी की मिसाल: ऑटो चालक मो० इद्रीश ने लौटाया 5.5 लाख के गहनों से भरा बैग, जिले में बनी चर्चा

बस्ती, 07 अप्रैल 26.

जनपद बस्ती में एक ऑटो चालक की ईमानदारी ने यह साबित कर दिया कि सच्चाई और नेकनीयती किसी की आर्थिक स्थिति की मोहताज नहीं होती। पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र के चिकवा मोहल्ला निवासी ऑटो चालक मो० इद्रीश ने लाखों रुपये के गहनों से भरा बैग लौटाकर पूरे जिले में मिसाल पेश की है।

जानकारी के अनुसार, मो० इद्रीश के ऑटो पर एक परिवार रेलवे स्टेशन जाने के लिए सवार हुआ था। जल्दबाजी में यात्री अपना गहनों व कीमती सामान से भरा बैग ऑटो में ही भूल गए। यात्रियों के उतरने के बाद जब इद्रीश घर पहुंचे, तब उनकी नजर उस बैग पर पड़ी। बैग खोलने पर उसमें करीब 5.5 लाख रुपये मूल्य के गहने और अन्य सामान मौजूद थे।

ऐसे में किसी भी तरह का लालच न दिखाते हुए मो० इद्रीश ने बैग को सुरक्षित अपने पास रखा। अगले दिन वह रेलवे स्टेशन पहुंचे और ऑटो स्टैंड संचालक को इसकी जानकारी दी। इसके बाद पुलिस की मदद से बैग के असली मालिक का पता लगाया गया और पूरा सामान सकुशल उन्हें वापस कर दिया गया।

खोया हुआ कीमती सामान वापस मिलने पर परिवार की खुशी का ठिकाना नहीं रहा और उन्होंने मो० इद्रीश का दिल से आभार व्यक्त किया। इस घटना ने यह भी स्पष्ट कर दिया कि ईमानदारी किसी अमीरी-गरीबी की सीमा में नहीं बंधी होती।

मो० इद्रीश के इस सराहनीय कार्य के लिए थानाध्यक्ष जयदीप दूबे ने उन्हें सम्मानित किया। साथ ही स्थानीय व्यापारियों ने भी फूलमाला पहनाकर, मिष्ठान खिलाकर और पुरस्कार देकर उनकी ईमानदारी को सलाम किया।

मो० इद्रीश की यह ईमानदारी अब पूरे बस्ती जिले में चर्चा का विषय बनी हुई है और हर कोई उनके इस कदम की सराहना कर रहा है।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *