Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS

खलीलाबाद पुलिस और एसओजी की बड़ी कामयाबी, लूट-चोरी और चैन स्नैचिंग गैंग का पर्दाफाश, 3 शातिर गिरफ्तार
एएसपी ने किया खुलासा, बोले- नेपाल बॉर्डर पर मोबाइल बेचने की थी तैयारी, कई वारदातों में शामिल निकले आरोपी
संतकबीरनगर, 24 मई 2026.
संतकबीरनगर पुलिस ने जिले में लगातार हो रही लूट, चोरी और चैन स्नैचिंग की घटनाओं का बड़ा खुलासा करते हुए तीन शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। कोतवाली खलीलाबाद पुलिस और एसओजी टीम की संयुक्त कार्रवाई में गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से लूट और चोरी के कुल 19,450 रुपये नगद, 4 साड़ियां, 7 एंड्रॉयड मोबाइल फोन, 11 सिम कार्ड, एक पर्स, आधार कार्ड तथा वारदात में इस्तेमाल की गई पल्सर मोटरसाइकिल बरामद की गई है। पुलिस ने इस कार्रवाई के जरिए जिले में हुई तीन बड़ी घटनाओं का सफल अनावरण किया है।
पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह तथा क्षेत्राधिकारी खलीलाबाद प्रियम राजशेखर पाण्डेय की निगरानी में यह कार्रवाई की गई। शनिवार को अपर पुलिस अधीक्षक ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपी बेहद शातिर किस्म के अपराधी हैं, जो जिले के अलग-अलग इलाकों में चोरी, लूट और छिनैती की वारदातों को अंजाम दे रहे थे। उन्होंने बताया कि आरोपी चोरी किए गए मोबाइल फोन को सिद्धार्थनगर और नेपाल बॉर्डर के आसपास बेचने की फिराक में थे, लेकिन उससे पहले ही पुलिस टीम ने उन्हें दबोच लिया।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान संजीव कुमार उर्फ संजू निषाद निवासी भेलवासी थाना कोतवाली खलीलाबाद, मोहन निषाद तथा राहुल उर्फ मुनक्का निवासी जमुहरा बड़का टोला थाना मेहंदावल के रूप में हुई है। पुलिस ने इन्हें डडवा नहर पुलिया के पास से गिरफ्तार किया।
जांच के दौरान सामने आया कि 15 अप्रैल 2026 की रात संजीव और राहुल ने बाहिलपार गांव में एक मकान की खिड़की के रास्ते अंदर घुसकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। आरोपी घर से एक बक्सा उठा ले गए थे, जिसमें नगदी, साड़ियां, सोने के टप्स और चांदी की पायल रखी थी। इसके बाद 20 मई को तीनों आरोपियों ने मड़या ओवरब्रिज के पास अमित त्रिपाठी को रोककर मारपीट की और उसका मोबाइल, पर्स, एटीएम कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस तथा 8 हजार रुपये लूट लिए।
इतना ही नहीं, पूछताछ में आरोपियों ने यह भी स्वीकार किया कि 17 मई को थाना महुली क्षेत्र के कोदवट गांव में एक महिला से मंगलसूत्र छीनने की घटना को भी उन्होंने ही अंजाम दिया था। पुलिस के मुताबिक आरोपियों के पास से बरामद सात मोबाइल फोन अलग-अलग क्षेत्रों से चोरी किए गए थे।
अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर न्यायालय भेजा जा रहा है। वहीं मुख्य आरोपी संजीव कुमार उर्फ संजू निषाद का लंबा आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके खिलाफ संतकबीरनगर, बस्ती और गोरखपुर जनपदों में चोरी, धोखाधड़ी, आईटी एक्ट और आयुध अधिनियम समेत कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं।
इस कार्रवाई में कोतवाली खलीलाबाद पुलिस, कांटे चौकी पुलिस तथा एसओजी टीम की अहम भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने टीम की सराहना करते हुए कहा कि जिले में अपराध और अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
NGV PRAKASH NEWS