NGV PRAKASH NEWS

कानपुर, 07 अप्रैल 2026.
चकेरी क्षेत्र में एक विवाहिता ने अपने पति और ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए मामला दर्ज कराया है। आरोप है कि शादी से पहले पति की गंभीर बीमारी को छिपाया गया और बाद में पत्नी पर किडनी देने या 30 लाख रुपये देने का दबाव बनाया गया।
पीड़िता के अनुसार उसकी शादी 22 जून 2023 को लखनऊ निवासी निशांत से हुई थी। शादी के बाद जब वह ससुराल पहुंची तो शुरुआती दिनों में पति ने उससे दूरी बनाए रखी और शारीरिक संबंध नहीं बनाए। समय बीतने के बावजूद स्थिति सामान्य नहीं हुई, जिससे उसे शक हुआ। बाद में एक मेडिकल फाइल उसके हाथ लगी, जिसमें पति की दोनों किडनी खराब होने और डायलिसिस चलने की जानकारी दर्ज थी।
महिला का आरोप है कि इस गंभीर बीमारी की जानकारी उसके परिवार से जानबूझकर छिपाई गई और धोखे से शादी कराई गई। जब उसने इस बात का विरोध किया तो पति ने उससे किडनी देने या 30 लाख रुपये देने की मांग की, ताकि वह अपना इलाज करा सके। इतना ही नहीं, कथित तौर पर पति ने यह भी कहा कि इलाज के बाद वह दूसरी शादी कर सकती है।
पीड़िता का कहना है कि उसने इस मांग का विरोध किया, लेकिन ससुराल पक्ष ने उसकी बात नहीं सुनी। बाद में उसे मायके भेज दिया गया और शर्त रखी गई कि या तो किडनी दे या 30 लाख रुपये। कई बार पुलिस के माध्यम से समझौते की कोशिश भी की गई, लेकिन कोई समाधान नहीं निकल सका।
मामले में एसीपी अभिषेक पांडे के अनुसार महिला की शिकायत पर पति समेत सास, ससुर और ननद के खिलाफ धोखाधड़ी और दहेज उत्पीड़न सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
NGV PRAKASH NEWS
