NGV PRAKASH NEWS

बिजनौर में महिला ने फांसी लगाकर दी जान, दो मासूम बच्चों को छोड़ गई पीछे
बिजनौर, 26 जनवरी 2026.
जिले के थाना हीमपुर दीपा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मुबारकपुर खादर से एक मार्मिक घटना सामने आई है, जहां एक महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। बताया जा रहा है कि मृतका बीते कई वर्षों से अकेले रहकर अपने दो छोटे बच्चों का पालन-पोषण कर रही थी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस ने बताया कि महिला की शादी करीब दस वर्ष पूर्व थाना चांदपुर क्षेत्र के ग्राम थुरैला में हुई थी। शादी के कुछ समय बाद पारिवारिक विवाद शुरू हो गए थे, जिसके चलते वह पिछले सात वर्षों से अपने पति से अलग रह रही थी। पति से अलगाव के बाद महिला अपने बेटे और बेटी के साथ मायके पक्ष में रहकर मेहनत-मजदूरी कर जीवन यापन कर रही थी।
मिली जानकारी के अनुसार मृतका का अपने ससुराल पक्ष से लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी विवाद और मानसिक तनाव के बीच उसने आत्मघाती कदम उठाया। घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस फील्ड यूनिट के साथ मौके पर पहुंची और आवश्यक जांच-पड़ताल की।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, ताकि मौत के कारणों की विधिवत पुष्टि की जा सके। फिलहाल मृतका के दोनों बच्चे ननिहाल में नानी-नाना के पास सुरक्षित बताए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
NGV PRAKASH NEWS
