Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS

किराना दुकान में सेंधमारी का खुलासा: बेलहरकला पुलिस ने तीन आरोपियों को चोरी के माल के साथ दबोचा
संतकबीरनगर, 08 अप्रैल 2026.
संतकबीरनगर के थाना बेलहरकला क्षेत्र में किराना दुकान में हुई चोरी की घटना का पुलिस ने सफल अनावरण करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस टीम ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया गेहूं, चावल, गुटखा, ड्राई फ्रूट्स, रिफाइंड तेल, चॉकलेट समेत अन्य सामान और नकदी बरामद की है।
📍पुलिस अधीक्षक संतकबीरनगर संदीप कुमार मीना द्वारा चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी मेंहदावल सर्वदवन सिंह के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार के नेतृत्व में गठित टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस ने मु0अ0सं0 87/2026 में पंजीकृत मामले के तहत अरबाज आलम, अहमद अली उर्फ बल्ला और अशोक कुमार गुप्ता को सांथा चौराहे के पास से गिरफ्तार किया।
घटना की शुरुआत 07 अप्रैल 2026 को हुई, जब ग्राम रमवापुर मिश्र निवासी वीरेन्द्र नाथ मिश्र ने थाना बेलहरकला में तहरीर देकर बताया कि 06/07 अप्रैल की रात अज्ञात चोरों ने उनकी किराना दुकान का ताला तोड़कर करीब पांच हजार रुपये नकद सहित भारी मात्रा में खाद्यान्न, किराना और अन्य सामान चोरी कर लिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्परता से मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस टीम ने सुराग के आधार पर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में मुख्य आरोपी अरबाज आलम और अहमद अली ने स्वीकार किया कि उन्होंने मिलकर दुकान में चोरी की थी और चोरी का गेहूं-चावल अशोक कुमार गुप्ता को बेच दिया था, जिसका भुगतान अभी नहीं मिला था। आरोपियों ने यह भी बताया कि वे अंधेरे का फायदा उठाकर छोटी दुकानों और घरों में चोरी करते थे और चोरी के पैसों से अपना खर्च चलाते थे।
गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से लगभग 100 किलोग्राम चावल, करीब 86 किलोग्राम गेहूं, विभिन्न ब्रांड के गुटखा, चॉकलेट, बादाम, काजू, रिफाइंड तेल, कुरकुरे, प्लेइंग कार्ड और 360 रुपये नकद बरामद किए। बरामदगी के आधार पर मामले में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी भी की गई है।
कार्रवाई में उपनिरीक्षक हरिनाथ मिश्र, उपनिरीक्षक नंदा प्रसाद, कांस्टेबल रामभूषण पटेल और रोहित कुमार शामिल रहे, जिन्होंने टीम के साथ मिलकर इस चोरी का खुलासा किया।
NGV PRAKASH NEWS
