Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS

बस्ती में अंतिम मतदाता सूची 2026 प्रकाशित, 17.31 लाख मतदाता शामिल
बस्ती, 10 अप्रैल 2026.
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2026 के अंतर्गत जनपद बस्ती की अंतिम मतदाता सूची 10 अप्रैल 2026 को प्रकाशित कर दी गई। इस संबंध में कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक आयोजित की गई, जिसमें तैयारियों और आंकड़ों की विस्तृत जानकारी दी गई।
बैठक को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी कृत्तिका ज्योत्स्ना ने बताया कि जनपद में कुल मतदाताओं की संख्या 17,31,516 है। इनमें 9,49,999 पुरुष मतदाता, 7,81,508 महिला मतदाता तथा 9 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं। उन्होंने बताया कि जनपद का जेंडर रेशियो 823 तथा ईपी रेशियो 57.73 दर्ज किया गया है।
उन्होंने जानकारी दी कि दावे और आपत्तियां प्राप्त करने की अंतिम तिथि 6 मार्च 2026 तक जनपद में कुल 1,31,053 फार्म-6 प्राप्त हुए थे, जिनका शत-प्रतिशत निस्तारण कर लिया गया है। इसके अतिरिक्त 31 मार्च 2026 तक कुल 1,34,408 फार्म-6 के माध्यम से ई-रोल अपडेट किए जा चुके हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि कुल 4,18,146 मतदाताओं को जारी नोटिसों की सुनवाई की गई, जिसमें 4,13,491 मतदाताओं को अंतिम प्रकाशन के लिए पात्र पाया गया, जबकि 4,655 मतदाताओं को अपात्र मानते हुए फार्म-7 के तहत कार्रवाई की गई।
उन्होंने बताया कि अंतिम प्रकाशित मतदाता सूची डीईओ पोर्टल पर उपलब्ध है। साथ ही उन्होंने अपील की कि जिन नागरिकों की आयु 18 वर्ष पूर्ण हो चुकी है और किसी कारणवश उनका नाम सूची में शामिल नहीं हो पाया है, वे फार्म-6 भरकर अपना पंजीकरण कराएं।
बैठक में एडीएम एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी प्रतिपाल सिंह चौहान, एसडीएम शत्रुध्न पाठक, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी ओम प्रकाश, प्रधान सहायक अजय कुमार पांडेय, वरिष्ठ सहायक पीयूष गुप्ता सहित मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
📰 NGV PRAKASH NEWS
