NGV PRAKASH NEWS

द्वारका गोल्फ कोर्स में तीन बच्चों के शव मिलने से सनसनी, डूबने की आशंका
नई दिल्ली, 30 अप्रैल 2026.
राजधानी दिल्ली के द्वारका गोल्फ कोर्स में तीन बच्चों के शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। शुरुआती जांच में यह सामने आया है कि बच्चे चारदीवारी पार कर अंदर पहुंचे और तालाब में डूबने से उनकी मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार सुबह करीब 7:07 बजे सेक्टर-23 थाने को पीसीआर कॉल के जरिए सूचना मिली कि सेक्टर-24 स्थित गोल्फ कोर्स के एक तालाब में तीन बच्चे डूब गए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और अन्य संबंधित एजेंसियों को भी अलर्ट किया गया।
मौके पर पहुंचने पर पता चला कि तीनों बच्चे लगभग 8 से 10 वर्ष की उम्र के थे और तालाब में डूबे हुए थे। फायर ब्रिगेड की मदद से तीनों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। बच्चों के कपड़े तालाब के किनारे मिले हैं, जिससे आशंका जताई जा रही है कि वे नहाने के लिए पानी में उतरे थे और हादसे का शिकार हो गए।
फिलहाल बच्चों की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के इलाकों में गुमशुदगी की जानकारी जुटा रही है, लेकिन अब तक किसी भी परिवार द्वारा ऐसी कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।
पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और फोरेंसिक टीम को मौके पर बुलाकर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है ताकि घटना के सही कारणों का पता लगाया जा सके।
NGV PRAKASH NEWS
