NGV PRAKASH NEWS

बरगी बांध में बड़ा हादसा, पर्यटकों से भरा क्रूज डूबा, कई लापता
जबलपुर, 30 अप्रैल 2026.
मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले में स्थित बरगी बांध में गुरुवार शाम एक बड़ा हादसा हो गया, जब पर्यटकों से भरा एक क्रूज तेज आंधी के कारण असंतुलित होकर डूब गया। यह घटना खमरिया टापू के पास शाम करीब छह बजे हुई, जिसके बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार क्रूज में कैप्टन सहित करीब 30 लोग सवार थे। हादसे के बाद 15 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि रात आठ बजे तक चार लोगों के शव बरामद किए जा चुके थे। वहीं 11 लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं, जिनकी तलाश जारी है। रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान लापता क्रूज के कैप्टन महेश पटेल को भी खोज लिया गया।
बताया जा रहा है कि मध्य प्रदेश पर्यटन विभाग द्वारा संचालित यह क्रूज प्रतिदिन पर्यटकों को बांध में सैर कराता है। गुरुवार शाम करीब साढ़े पांच बजे क्रूज अपनी नियमित यात्रा पर था, तभी अचानक मौसम बिगड़ गया। तेज हवाओं और खराब मौसम के कारण क्रूज में पानी भरने लगा और कुछ ही देर में वह नियंत्रण खोकर डूब गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कई यात्री अपनी जान बचाने के लिए पानी में कूदते नजर आए। सूचना मिलते ही प्रशासन, पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंच गईं। गोताखोरों की मदद से लापता लोगों की तलाश की जा रही है। अंधेरा बढ़ने और मौसम खराब होने के कारण राहत एवं बचाव कार्य में दिक्कतें आ रही हैं, इसके बावजूद टीमें लगातार प्रयास में जुटी हुई हैं।
NGV PRAKASH NEWS
