NGV PRAKASH NEWS

पेट्रोल-डीजल पर महंगाई का बड़ा धमाका तय? अंतरराष्ट्रीय बाजार में उछाल के बीच बढ़ोतरी के संकेत
नई दिल्ली, 01 मई 2026.
आम आदमी की जेब पर एक और बड़ा झटका पड़ने की आशंका तेज हो गई है। सरकारी सूत्रों से मिल रहे संकेतों के मुताबिक, देश में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में जल्द बढ़ोतरी हो सकती है। पिछले कई वर्षों से स्थिर चल रही कीमतें अब अंतरराष्ट्रीय हालात के दबाव में बदलने की कगार पर दिखाई दे रही हैं।
दरअसल वैश्विक कच्चे तेल के बाजार में इस समय जबरदस्त उथल-पुथल मची हुई है। अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव और शांति वार्ता में ठहराव के चलते अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कच्चे तेल की कीमतें तेजी से उछली हैं। हालात यह हैं कि क्रूड ऑयल 126 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गया है, जो बीते चार वर्षों का उच्चतम स्तर माना जा रहा है। ऐसे में दुनिया की नजरें अब स्ट्रेट ऑफ होर्मुज पर टिकी हैं, जहां किसी भी तरह की हलचल सीधे तेल सप्लाई और कीमतों को प्रभावित कर सकती है।
भारत के संदर्भ में स्थिति और भी संवेदनशील बन गई है। सरकारी तेल कंपनियों पर बढ़ता आर्थिक दबाव अब खुलकर सामने आने लगा है। सूत्रों के अनुसार, कंपनियों को पेट्रोल पर करीब 20 रुपए प्रति लीटर और डीजल पर लगभग 100 रुपए प्रति लीटर तक का नुकसान झेलना पड़ रहा है। पिछले साल जहां कच्चा तेल करीब 70 डॉलर प्रति बैरल था, वहीं अब यह औसतन 114 डॉलर के पार पहुंच चुका है, जिससे लागत और बिक्री कीमत के बीच का अंतर तेजी से बढ़ गया है।
📍 पेट्रोलियम कंपनियों द्वारा निकट भविष्य में डीजल पेट्रोल के दामों में बढ़ोतरी के संकेत
हालांकि इससे पहले 25 से 28 रुपए प्रति लीटर तक बढ़ोतरी की अटकलों को सरकार ने खारिज किया था, लेकिन मौजूदा हालात में बाजार का दबाव लगातार बढ़ता जा रहा है। इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन की ओर से हाल ही में यह कहा गया था कि बढ़ती लागत के बावजूद अभी तक पेट्रोल, डीजल और घरेलू एलपीजी के दाम स्थिर रखे गए हैं, लेकिन यह स्थिति कब तक बनी रहेगी, इस पर संशय बना हुआ है।
इसी बीच मई की शुरुआत के साथ ही कमर्शियल एलपीजी, इंडस्ट्रियल डीजल और जेट फ्यूल की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी गई है, जिससे साफ संकेत मिल रहे हैं कि ऊर्जा क्षेत्र में महंगाई का दबाव तेजी से बढ़ रहा है। राजधानी दिल्ली में फिलहाल पेट्रोल 94.77 रुपए प्रति लीटर और डीजल 87.67 रुपए प्रति लीटर पर बिक रहा है, लेकिन विशेषज्ञ मान रहे हैं कि आने वाले दिनों में इसमें बदलाव देखने को मिल सकता है।
ऐसे में अगर वैश्विक बाजार की आग यूं ही भड़कती रही, तो देश में पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी लगभग तय मानी जा रही है, जो सीधे तौर पर आम आदमी के बजट को झकझोर सकती है।
NGV PRAKASH NEWS
