अधिकारियों को फोन कर दबाव बनाने वाला शातिर गिरफ्तार…….

Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS

छद्म नाम का खेल: अधिकारियों को फोन कर दबाव बनाने वाला शातिर गिरफ्तार, मोबाइल में ‘जस्टिस’ बनकर करता था कॉल


बस्ती, 02 मई 2026.

जनपद में प्रशासनिक अधिकारियों को छद्म नाम से फोन कर काम कराने का दबाव बनाने वाले एक शातिर आरोपी को कोतवाली पुलिस और सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई में धर दबोचा। आरोपी खुद को प्रभावशाली व्यक्ति बताकर अधिकारियों पर दबाव बनाता था और मोबाइल में अलग-अलग पहचान के जरिए अपना रौब जमाने की कोशिश करता था।


पुलिस के अनुसार, मामला सामने आने के बाद 01 मई 2026 को थाना कोतवाली में मु0अ0सं0 184/2026 के तहत धारा 319, 318, 204, 221, 338, 339, 341 बीएनएस एवं 66 आईटी एक्ट के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया गया। इसके बाद सर्विलांस टीम को सक्रिय किया गया और आरोपी की लोकेशन ट्रेस कर नेशनल हाईवे पर गोरखपुर की दिशा में पटेल चौक के आगे घेराबंदी की गई। देर रात करीब 22:25 बजे पुलिस टीम ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया।


गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान विनय कुमार चौधरी पुत्र घनश्याम चौधरी, उम्र करीब 32 वर्ष, निवासी रैपुरा जंगल, थाना कोतवाली, जनपद बस्ती के रूप में हुई है। जांच में सामने आया कि आरोपी मोबाइल में अलग-अलग नंबरों से कॉल कर खुद को कभी प्रभावशाली व्यक्ति तो कभी उच्च पद से जुड़ा बताता था। खास बात यह रही कि उसके मोबाइल में एक नंबर “जस्टिस” नाम से सेव मिला, जिससे वह अधिकारियों को कॉल कर खुद की हैसियत ऊंची दिखाने की कोशिश करता था।


तलाशी के दौरान आरोपी के पास से एक एंड्रॉयड मोबाइल (विवो) जिसमें दो सिम कार्ड लगे थे, एक ब्लूटूथ ईयरफोन, एक पर्स में 20,000 रुपये नकद (500-500 के 40 नोट), 250 नेपाली रुपये, साथ ही आधार कार्ड, पैन कार्ड, वोटर आईडी, ड्राइविंग लाइसेंस, तीन एटीएम कार्ड और एक कलाई घड़ी बरामद की गई। बरामदगी से यह भी संकेत मिल रहे हैं कि आरोपी लंबे समय से इस तरह की गतिविधियों में संलिप्त हो सकता है।


पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी ने किन-किन विभागों के अधिकारियों को कॉल कर दबाव बनाया और कहीं इस पूरे मामले में कोई बड़ा नेटवर्क तो सक्रिय नहीं है। मामले की गहन जांच जारी है।


इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक मोतीचंद राजभर, निरीक्षक ऋतुन्जय यादव, उपनिरीक्षक अजय सिंह, उपनिरीक्षक जितेंद्र कुमार सिंह, मुख्य आरक्षी शैलेश शर्मा, आरक्षी चंदन कुमार, आरक्षी मुकेश साहनी तथा सर्विलांस सेल के आरक्षी विक्रम सिंह की अहम भूमिका रही, जिन्होंने सटीक सूचना और तेजी से कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया।


NGV PRAKASH NEWS


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *