NGV PRAKASH NEWS

डीजीपी राजीव कृष्ण ने एटीएस मुख्यालय का किया निरीक्षण, आतंकवादरोधी तैयारियों की समीक्षा
लखनऊ, 04 मई 2026 — उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण ने आज एटीएस मुख्यालय का भ्रमण कर आतंकवादरोधी व्यवस्थाओं, परिचालन तैयारियों और आधारभूत संरचना की विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने एटीएस की कार्यप्रणाली, तकनीकी क्षमता और फील्ड यूनिट्स की सक्रियता का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान यह बताया गया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशन में एटीएस को आधुनिक तकनीकी उपकरणों से सुसज्जित किया गया है और प्रदेश के संवेदनशील स्थलों तक त्वरित पहुंच सुनिश्चित करने के लिए नई फील्ड यूनिट्स स्थापित की गई हैं। डीजीपी ने इन व्यवस्थाओं की प्रभावशीलता पर संतोष जताते हुए इसे और मजबूत करने के निर्देश दिए।
डीजीपी ने आतंकी मामलों की निगरानी प्रणाली, सोशल मीडिया मॉनिटरिंग और डेटा विश्लेषण की क्षमताओं की गहन समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि बदलते खतरे के स्वरूप को देखते हुए तकनीकी दक्षता और इंटेलिजेंस नेटवर्क को लगातार अपडेट रखना आवश्यक है।
उन्होंने एटीएस अधिकारियों को नियमित मॉक ड्रिल और प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए, ताकि किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके। साथ ही एनएसजी समेत अन्य शीर्ष संस्थानों के साथ समन्वय स्थापित कर एटीएस कमांडोज को उच्च स्तरीय प्रशिक्षण दिलाने पर भी विशेष जोर दिया गया।
इस निरीक्षण के दौरान एटीएस के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे और विभागीय कार्यों की प्रगति से डीजीपी को अवगत कराया गया।
NGV PRAKASH NEWS
