
*झूठी शान की खातिर पिता और भाई ने घोंटा युवती का गला, नौ दिन बाद ऐसे खुला राज
शाहजहांपुर.
निगोही इलाके में एक व्यक्ति ने बेटे के साथ मिलकर अपनी बेटी की हत्या कर उसका शव जंगल में फेंक दिया। इसके बाद पड़ोसियों पर हत्या का आरोप लगा दिया।
पुलिस जांच पड़ताल कर नौ दिन बाद हत्याकांड में खुलासा कर आरोपी पिता और भाई को जेल भेज दिया।
शाहजहांपुर के निगोही थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली 23 वर्षीय युवती की हत्या कर शव जिंदपुरा के जंगल में फेंकने की घटना में पुलिस ने खुलासा कर दिया।
पुलिस के अनुसार रिश्तेदार से संबंध होने की जानकारी पर पिता और भाई ने युवती की दुपट्टे से गला कसकर हत्या कर दी थी और शव को ठिकाने लगाने के बाद पड़ोसियों पर आरोप लगा दिया।
पिता पर शक की सुई घूमने के बाद पुलिस द्वारा कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने अपराध स्वीकार कर लिया। दोनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
आठ मई को युवती के पिता ने थाने में तहरीर देकर बताया था कि उसकी बेटी सात मई की रात 11 बजे अपनी मां से शौच जाने की बात कहकर घर से निकली और अभी तक घर नहीं लौटी। 11 मई को उसका शव जिंदपुरा के जंगल में पड़ा मिला था। इसके बाद पड़ोसी मुकेश, बालकराम, कुंदन लाल, सेठपाल, अर्जुन, प्रेमचंद्र, सुमित के खिलाफ पुरानी रंजिश में अपहरण के बाद हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था।
एसपी सिटी संजय कुमार के निर्देशन में सीओ सदर अमित चौरसिया, एसओजी व थाना पुलिस ने मामले की विवेचना की।
पुलिस ने शक के आधार पर मृतका के पिता से पूछताछ की तो उसने सारा राज खोल दिया। पुलिस ने मृतका के पिता व भाई को गिरफ्तार कर लिया है।
सीओ सदर ने मामले की विवेचना के दौरान मृतका के परिजन से पूछताछ की। उसके पिता से लड़की के पास मोबाइल फोन होने के बारे में जानकारी की तो उन्होंने बताया कि हमारे घर में महिलाओं को फोन नहीं दिए जाते हैं। इसके बाद पुलिस का शक गहरा गया।
आसपास के लोगों से पूछताछ में सामने आया कि लड़की के अपने एक रिश्तेदार से अवैध संबंध थे। इस पर परिजन एतराज करते थे।
पुलिस ने जब पिता और भाई को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ किया तो मृतका के पिता ने बेटे के साथ वारदात कबूल कर ली।

